ब्लिट्ज ब्यूरो
पटना। बिहार पुलिस में कांस्टेबल से लेकर सब इंस्पेक्टर तक के 37,978 पदों पर जल्द नई बहाली होगी। इसके साथ ही दारोगा के 10469 पद प्रोन्नति से भरे जायेंगे। वर्तमान कार्यरत एएसआई को दारोगा में प्रोन्नति देकर इन पदों को भरा जायेगा। राज्य सरकार ने बढ़ती जनसंख्या के अनुपात में इन पदों की आवश्यकता का आकलन करते हुए इनका सृजन किया है। गृह विभाग (आरक्षी शाखा) के मुताबिक सबसे अधिक 27,510 सिपाही एवं समकक्ष पदों पर बहाली होगी। इनमें 22010 पद सिपाही एवं समकक्ष जबकि 5500 पद चालक सिपाही एवं समकक्ष के होंगे। पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) के 20937 पद हैं। राज्य सरकार ने इनमें से आधे पद प्रोन्नति से भरे जाने का निर्णय लिया है। इसके आलोक में 10468 पदों पर सीधी नियुक्ति होगी। राज्य मंत्रिपरिषद ने भी इसकी मंजूरी दे दी है।
ईआरएसएस परियोजना के दूसरे चरण के लिए 19288 पद सृजित
राज्य सरकार ने ईआरएसएस (इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम) के तहत डायल 112 के दूसरे चरण के लिए 19288 पद सृजित कर रखे हैं। इनमें सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर तक के पद शामिल हैं। ईआरएसएस के लिए 9992 सिपाही, 2943 पर हवलदार, 2353 चालक सिपाही, 694 चालक हवलदार, 1218 एएसआई, 1829 एसआई और 259 इंस्पेक्टर के पद हैं। इनमें से अधिकांश पदों पर नयी बहाली की जायेगी।
गौरतलब है कि वर्तमान में बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग और केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) में करीब 25 हजार पदों पर बहाली प्रक्रियाधीन है। इन पदों से जुड़ी आधा दर्जन परीक्षाएं होने वाली है। इनमें सबसे अधिक 19838 पद बिहार पुलिस में सिपाही के हैं। इनके अलावा कक्षपाल के 2417, पुलिस दारोगा के 1799 पद, मद्य निषेध सिपाही के 1603 और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पद हैं।
9,992- सिपाही
2,943- हवलदार
2,353- चालक सिपाही
694- चालक हवलदार
1,218- एएसआई
1,829- एसआई
259 इंस्पेक्टर के पद सृजित किए गए हैं। इनमें अधिकांश पदों पर नई बहाली होगी।













