ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और एनडीए सहयोगी एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल ने देश में नए आत्मविश्वास, मजबूत शासन और आर्थिक बदलाव का दौर शुरू किया है। एक अखबार में प्रकाशित लेख में नायडू ने 10 जून 2026 को एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया, जो मोदी के प्रधानमंत्री बनने के 4,399 लगातार दिनों को दर्शाता है। उनके नेतृत्व में भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को नए सिरे से मजबूत किया है। साथ ही वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान स्थापित की है।
यह उपलब्धि इस बात का प्रतीक है कि करोड़ों भारतीयों ने ‘नेशन फर्स्ट’ के सिद्धांत पर आधारित शासन मॉडल पर भरोसा जताया है। नायडू ने लिखा, ‘मैं अक्सर कहता रहा हूं कि नरेंद्र मोदी भारत के लिए सही समय पर सही नेता हैं। 12 वर्षों बाद यह विश्वास और मजबूत हुआ है। इतिहास इस दौर को केवल आर्थिक विकास या राजनीतिक स्थिरता के रूप में नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास की पुनर्स्थापना के रूप में याद रखेगा।’ चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि अपने लगभग 50 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने कई प्रधानमंत्रियों को देखा है, लेकिन पीमए मोदी सभ्यतागत आत्मविश्वास और आधुनिक शासन के अनोखे संयोजन के कारण अलग हैं। नायडू के अनुसार, आज भारत वैश्विक स्तर पर अधिक आत्मविश्वास और रणनीतिक महत्व के साथ खड़ा है और ‘इंडिया फर्स्ट’ के सिद्धांत के साथ दुनिया से समान स्तर पर जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह पुनरुत्थान केवल पुरानी परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि योग, प्राणायाम, ध्यान और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं को आधुनिक तकनीक, डिजिटल प्रशासन और नवाचार आधारित विकास से जोड़ा गया है।
नायडू ने लिखा कि पिछले एक दशक में भारत दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। इसके पीछे डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, जन धन योजना, आधार, यूपीआई और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर जैसी योजनाओं का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं ने भारत में वित्तीय समावेशन को ऐतिहासिक स्तर तक पहुंचाया है और बिचौलियों को हटाकर सरकारी लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाया गया है।
नायडू ने यह भी कहा कि इस बदलाव ने गरीबी घटाने, आवास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेयजल और ग्रामीण ढांचे में बड़े सुधार किए हैं, जिससे करोड़ों लोगों का जीवन बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा कि महामारी, आपूर्ति शृंखला संकट और वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत स्थिर और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहा है। पीएम मोदी ने विकास के लिए सड़क, बंदरगाह, हवाई अड्डे, रेलवे, नवीकरणीय ऊर्जा, विनिर्माण और नई तकनीकों में बड़े निवेश किए हैं, जो देश की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।













