ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। मायानगरी मुंबई की झुग्गी बस्ती में पली-बढ़ी एक लड़की आज लाखों लोगों की प्रेरणा है। उनका नाम वर्षा सोलंकी है। वर्षा जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। उन्होंने कभी अपनी मां की मदद के लिए घरों में मेड का काम किया। बर्तन मांजे। वर्षा का सपना डांसर बनना था। हालात ने स्कूल छुड़वा दिया। वह काम करने के लिए मजबूर हो गईं। शादी और जिम्मेदारियों के बाद उनका सपना कहीं दब गया था।
एक समय उन्हें लगने लगा था कि सपना अब कभी पूरा नहीं हो पाएगा लेकिन, उन्होंने हार नहीं मानी।
बस एक मौके की तलाश थी
उन्हें बस एक मौके की तलाश थी। यह मौका उन्हें सोशल मीडिया के जरिए मिला। उनके वीडियो धीरे-धीरे वायरल होने लगे। सबसे अच्छा रेस्पॉन्स उनके कॉमेडी वीडियो को मिलने लगा। फिर उन्होंने अपने डांस वीडियो इंटरनेट पर डालने शुरू कर दिए। ये जबर्दस्त हिट हो गए। आज सोशल मीडिया पर वर्षा के लाखों फॉलोअर्स हैं। उनके कॉमेडी वीडियो को खूब पसंद किया जाता है। वह 50 लाख रुपये की मालकिन हैं। संघर्ष के दिनों में कुछ लोगों ने उनका मजाक भी उड़ाया लेकिन, इस बात से उन्हें फर्क नहीं पड़ा। वह अपने काम में लगी रहीं। उनके वीडियो आम नहीं थे। उनमें हंसी, ऊर्जा और जुनून का कॉकटेल था।