ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिल्ली मेट्रो के दो कॉरिडोर चालू हो गए हैं। इसमें से एक कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली को 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। इसमें दो नए मेट्रो रेल कॉरिडोर के उद्घाटन के साथ तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी शामिल है। साथ ही, पीएम ने जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (जीपीआरए) पुनर्विकास योजना के तहत 15,200 करोड़ रुपये की आवास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। उन्होंने योजना के तहत दिल्ली में बने घरों की चाबियां भी लाभार्थियों को सौंपी।
पीएम मोदी ने बुराड़ी में आयोजित समारोह में पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी की सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, आपदा सरकार ने दिल्ली में 10 वर्षों तक सभी विकास कार्यों को रोक दिया था। उनका तरीका था, कम काम करना और ज्यादा बहाने बनाना। आज दिल्ली में विकास का एक आदर्श मॉडल है-बहाने बंद हो गए और काम शुरू हो गया। भाजपा सरकार बनने के बाद से दिल्ली में चौतरफा विकास की गति तेज हुई है। पीएम मोदी ने कहा, दिल्ली न केवल राजधानी है, बल्कि भारत की पहचान और उसकी ऊर्जा का प्रतीक भी है। एक समय था, जब दिल्ली की परिवहन व्यवस्था की आलोचना की जाती थी। शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक जाने में घंटों लगते थे और महिलाओं को अक्सर बस या ऑटो रिक्शा मिलने की उम्मीद में बस स्टॉप पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था। हालांकि, दिल्ली में स्थिति तेजी से बदल रही है।
नई कनेक्टिविटी से दिल्ली के कई इलाकों को फायदा होगा
प्रधानमंत्री ने जिन दो मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन किया उनके शुरू होते ही राजधानी को पहली रिंग मेट्रो जैसी कनेक्टिविटी मिल गई। इनमें लगभग 12.3 किमी का मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) कॉरिडोर और लगभग 9.9 किमी का दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर शामिल हैं। नई कनेक्टिविटी से दिल्ली के कई इलाकों को फायदा होगा, जिनमें बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क आदि शामिल हैं।
देश की सबसे लंबी मेट्रो लाइन बनी पिंक लाइन
पिंक लाइन के नए कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद इस लाइन की कुल लंबाई 71.56 किलोमीटर हो गई है, जो एक रिंग के रूप में है। यह देश की सबसे लंबी मेट्रो लाइन है। इस लाइन पर कुल 46 मेट्रो स्टेशन हैं। इसमें से 12 स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। इससे यात्री दिल्ली के अन्य मेट्रो लाइन पर जा सकते हैं।
18000 करोड़ की लागत में तैयार होंगे तीन नए कॉरिडोर
प्रधानमंत्री ने दिल्ली मेट्रो परियोजना के फेज 5-ए के तहत तीन नई मेट्रो लाइनों की आधारशिला भी रखी। इन कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 16.1 किलोमीटर होगी। प्रस्तावित लाइनों में आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक की मेट्रो लाइन शामिल है। इन परियाेजनाओं पर 18000 करोड़ रुपये खर्च होंगे और 2028 में पूरा करने का लक्ष्य है। अधिकारियों के अनुसार इन नई परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के साथ नोएडा, दक्षिण दिल्ली और एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी पर बोला हमला
पीएम मोदी ने कहा, ‘ आज का ये कार्यक्रम इस बात का भी प्रमाण है कि एक वर्ष पहले दिल्ली ने जिस आपदा से मुक्ति पाई, वो कितनी जरूरी थी। अगर यहां पर आपदा सरकार न होती तो ये मेट्रो फेज 4 प्रोजेक्ट बहुत पहले ही पूरा हो चुका होता। लेकिन आपदा वालों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिल्ली के लाखों लोगों की सुविधा को ताक पर रख दिया था। यहां भाजपा सरकार बनने के बाद दिल्ली के चौतरफा विकास में तेजी आई है। आपदा वालों का तरीका था, काम कम और बहाने ज्यादा। आज दिल्ली में विकास का मॉडल है, बहाने बंद, काम शुरू। पहले प्रोजेक्ट फाइलों में दम तोड़ते थे, आज प्रोजेक्ट जमीन पर उतरते हैं।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘आज जो मेट्रो का नया सेक्शन शुरू हुआ है, उससे राजधानी के लाखों लोगों को बहुत बड़ी सुविधा मिलने वाली है। खास तौर पर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए अब रोज का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा। इन सबके साथ ही गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर के शहरों से दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में आना-जाना आसान हो जाएगा।’













