ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुज शर्मा का नाम ग्लोबल साइंटिस्ट इंडेक्स-2025 की टॉप 5% साइंटिस्ट्स की सूची में शामिल किया गया है। यह उपलब्धि उनके टॉप क्लास रिसर्च वर्क, बड़ी संख्या में प्रकाशित रिसर्च पेपर और वैज्ञानिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मिली है।
ग्लोबल साइंटिस्ट इंडेक्स एक वैश्विक वैज्ञानिक रैंकिंग प्रणाली है, जिसे स्कीरैंक ग्लोबल संचालित करता है। यह मंच ओपनएलेक्स डेटाबेस के आधार पर दुनिया भर के लगभग एक करोड़ सक्रिय शोधकर्ताओं और करोड़ों शोध-पत्रों का विश्लेषण कर वैज्ञानिकों की रैंकिंग तैयार करने का दावा करता है। इस सूची में शामिल होना किसी भी शोधकर्ता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है।
डॉ.अनुज शर्मा वर्तमान में एकेटीयू के सेंटर फॉर एडवांस्ड स्टडीज में मेकाट्रॉनिक्स कार्यक्रम में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। इसके अलावा वह कलाम सेंटर फॉर इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन ऑफ स्टार्टअप एकेटीयू फाउंडेशन के निदेशक, डीन अकादमिक्स, एसोसिएट डीन (इनोवेशन एंड सोशल एंटरप्रेन्योरशिप) तथा एसोसिएट डीन (अनुसंधान एवं विकास एवं औद्योगिक परामर्श) सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
125 से अधिक शोध-पत्र और 9 पेटेंट
डॉ. शर्मा ने मैती, आईसीएमआर, एसईआरबी-डीएसटी, सीएसटी, उत्तर प्रदेश टेकि्वप -III और एकेटीयू द्वारा वित्तपोषित चार करोड़ रुपये से अधिक की छह शोध परियोजनाओं का नेतृत्व किया है। उनके 125 से अधिक शोध-पत्र एससीआईई और स्कोपस इंडेक्स जर्नल्स एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके नाम नौ पेटेंट स्वीकृत या प्रकाशित हैं।













