ब्लिट्ज ब्यूरो
गाजियाबाद। गाजियाबाद शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाले एलिवेटेड रोड पर सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एलिवेटेड रोड पर चढ़ने और उतरने की समस्या खत्म करने के लिए करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से दो नए स्लिप रोड (रैंप) बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। परियोजना पूरी होने के बाद गाजियाबाद, इंदिरापुरम और वसुंधरा के पांच लाख से अधिक लोगों को जाम से राहत मिलेगी। साथ ही समय और ईंन्धन की भी बचत होगी।
जीडीए के अनुसार, एलिवेटेड रोड के लिए 590 मीटर और 620 मीटर लंबे दो आधुनिक रैंप तैयार किए जाएंगे। परियोजना के तहत 7.5 मीटर चौड़ा कैरिजवे बनाया जाएगा, जबकि 50 मीटर व्यास के दो आधुनिक गोलचक्क र भी विकसित किए जाएंगे।
निर्माण अत्याधुनिक गर्डर तकनीक से किया जाएगा
रैंप का निर्माण अत्याधुनिक गर्डर तकनीक से किया जाएगा और इनकी डिजाइन स्पीड 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। अभी दिल्ली से आने-जाने वाले वाहन चालकों को एलिवेटेड रोड से उतरने और चढ़ने के लिए खोड़ा और सीआइएसएफ रोड से होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। पीक आवर्स में यहां भारी जाम लग जाता है। इसका सबसे ज्यादा असर आफिस आने-जाने वाले कर्मचारियों, स्कूल बसों, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं पर पड़ता है। कई बार वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है, जिससे समय और ईंन्धन, दोनों की बर्बादी होती है।
इन जगहों पर बनेंगे रैंप
रैंप-1 दिल्ली से वसुंधरा की ओर आने वालों के लिए वसुंधरा में स्लिप रोड उतारी गई है, जो वैशाली होते हुए साहिबाबाद जाएगी।
वहीं, रैंप-2 इंदिरापुरम के कनावनी मंदिर के निकट ग्रीन बेल्ट पुस्ता रोड से स्लिप रोड पर चढ़कर एलिवेटेड पर दिल्ली जाने के लिए बनाई जाएगी। परियोजना के तहत दिल्ली जाने के लिए वाहन चालकों को कनावनी मंदिर के बराबर ग्रीन बेल्ट पुस्ता रोड से रैंप-2 से चढ़ना होगा।
वहीं, दिल्ली से आते समय कनावनी मंदिर के निकट ही उतरने वाले रैंप-1 से स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, स्लिप रोड के बनने से करीब 40 प्रतिशत से अधिक वाहन इस पर शिफ्ट होंगे।
स्लिप रोड बनने से लोगों को मिलेगा फायदा। एक से सवा घंटे का सफर 20 से 25 मिनट में होगा पूरा।
एलिवेटेड रोड पर सीधे एंट्री और एग्जिट की सुविधा मिलेगी। वाहन चालकों का समय और ईंन्धन बचेगा।
एक वर्ष का लक्ष्य
एक वर्ष के भीतर एलिवेटेड रोड पर स्लिप रोड का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द लोगों को राहत मिल सके। इससे भविष्य में बढ़ते यातायात का दबाव भी कम होगा।
– आलोक रंजन
मुख्य अभियंता, जीडीए













