ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत में हाईवे पर सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। बीते कुछ समय से सरकार बैरियर-फ्री टोलिंग सिस्टम पर काम कर रही थी। यह एक ऐसा टोल सिस्टम है जिसमें गाड़ियों को टोल प्लाजा पर रुकना भी न पड़े और अपने आप टोल भी कट जाए।
अब आखिरकार इसकी शुरुआत हो गई है। गुजरात में देश के पहले बैरियर-फ्री टोलिंग सिस्टम की शुरुआत हो गई है। गुजरात में नेशनल हाईवे 48 के सूरत-भरूच खंड पर स्थित चोरायासी टोल प्लाजा पर देश का पहला मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) टोलिंग सिस्टम शुरू कर दिया गया है। अब आपको टोल देने के लिए गाड़ी रोकने या लाइन लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कैसे काम करेगा यह सिस्टम?
इस नए सिस्टम में टोल प्लाजा पर कोई बैरियर यानी कि फाटक नहीं होगा। इसके बजाए टोल प्लाजा पर खास एएनपीआर कैमरे लगाए गए हैं, जो गाड़ी की नंबर प्लेट को पहचानेंगे। इसके बाद टोल टैक्स सीधे फास्टैग अकाउंट से कट जाएगा। सारा काम अपने आप ऑनलाइन हो जाएगा।













