ब्लिट्ज ब्यूरो
जोधपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत अपनी सीमाओं को सुरक्षित बनाने के लिए जल्द एंटी ड्रोन यूनिट बनाएगा। इससे ड्रोन की घुसपैठ रोकने में मदद मिलेगी। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 60वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में अमित शाह ने कहा कि लेजर से लैस एंटी ड्रोन गन माउंटेड के शुरुआती नतीजे प्रभावशाली रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इससे पंजाब में सीमा पर ड्रोन को निष्क्रिय करने और उनका पता लगाने की क्षमता तीन से 55 प्रतिशत तक बढ़ी है। शाह ने कहा, आने वाले दिनों में ड्रोन का खतरा और गंभीर होने वाला है। इससे निपटने के लिए रक्षा तथा अनुसंधान संगठनों और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के साथ काम किया जा रहा है। हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी के लिए इस्तेमाल किए गए ड्रोन सबसे अधिक पंजाब, राजस्थान और जम्मू में मार गिराए या बरामद किए गए।
एकीकृत सीमा प्रबंधन प्रणाली पर काम जारी
शाह ने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा के लिए शुरू एकीकृत सीमा प्रबंधन प्रणाली पर काम प्रगति पर है। हमें असम के धुबरी में नदी सीमा पर इस प्रणाली के प्रभावशाली परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
वाइब्रेंट विलेज सीमावर्ती गांवों में लागू करेंगे
गृह मंत्री ने कहा कि उत्तरी सीमाओं पर बसी आबादी को मुख्यधारा में लाने के लिए वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम सभी सीमावर्ती गांवों में लागू किया जाएगा। 48,000 करोड़ की निधि आवंटित करने के साथ सीमा सुरक्षा बढ़ाना सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।













