ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। पिछले दिनों बिंदी-तिलक विवाद के चलते खबरों में रहने वाली लेंसकार्ट ने भारत का पहला स्मार्ट चश्मा पेश किया है। इसे 22 हजार रुपये के अर्ली-एक्सेस दाम में पेश किया गया है। वैसे डिवाइस की कीमत 27 हजार रुपये रहने वाली है। गूगल के एआई असिस्टेंट जेमिनी से लैस इस स्मार्ट ग्लास का नाम ‘ बी वाई लेंसकार्ट ’ रहने वाला है।
चश्मा आज तक नजर सुधारने का जरिया रहा है, लेकिन अब वह आपकी जेब में रखा एक फोन भी हो सकता है। भारत में यह अर्ली एक्सेस के लिए उपलब्ध हैं। अगर आप ट्राई करना चाहते हैं, तो इनकी वेबसाइट पर जाकर वेटिंग लिस्ट को जॉइन कर सकते हैं।
डिजाइन और हार्डवेयर
‘ बी वाई लेंसकार्ट ’ देखने में जितना स्टाइलिश है, अंदर से उतना ही पावरफुल भी है। यह चश्मा स्नैपड्रैगन एआर1 जेन 1 चिपसेट के साथ आएगा, जो कि इसे सुपर फास्ट बनाता है। इसमें 32जीबी की ऑनबोर्ड स्टोरेज दी गई है, ताकि आप अपना जरूरी डेटा आसानी से स्टोर कर सकें।
इसके अलावा लेंसकार्ट ने इसमें जापानी अल्ट्रा-थिन ब्लू लाइट लेंस दिए हैं, जो -6 से +6 तक की आई पावर के लिए सही हैं। यह ब्लैक और सिल्वर कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार इसका वजन सिर्फ 45 ग्राम है, इसलिए इसे लंबे समय तक पहनने में परेशानी नहीं होगी। यह चश्मा स्टाइल और टेक्नोलॉजी का परफेक्ट कॉम्बिनेशन बताया जा रहा है।
कैमरा और एआई का मेल
रिपोर्ट्स के मुताबिक लेंसकार्ट ने अपने स्मार्ट चश्मों को जबरदस्त कैमरा और एआई से लैस बनाया है। इसमें 12-मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड सोनी सेंसर मिलेगा, जो लैंडस्केप में 1080पी और पोर्ट्रेट मोड में 1440पी क्वालिटी में वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है।
इसके अलावा गूगल जेमिनी का इंटीग्रेशन इसे बेहद खास बनाता है। इसे आप अपनी आवाज से आसानी से कंट्रोल कर सकेंगे। यह 40 से ज्यादा भाषाओं को सपोर्ट करता है और इसमें लुक एंड टेल और लाइव नोट टेकिंग जैसे कमाल के फीचर्स भी मिलेंगे।
टच कंट्रोल्स और डुअल-डायरेक्शनल स्पीकर इसे एक कंप्लीट पैकेज बनाते हैं। अगर आपने इन चश्मों को पहना होगा, तो आपको हर छोटे काम के लिए जेब से फोन बाहर निकालने की जरूरत नहीं रहेगी।
बैटरी और आसान कनेक्टिविटी
स्मार्ट चश्मों की बैटरी को लेकर अक्सर चिंता देखी जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘ बी वाई लेंसकार्ट ’ में बैटरी लाइफ का पूरा ध्यान रखा गया है। एक बार चार्ज करने पर यह स्मार्ट चश्मा 4 घंटे तक लगातार चल सकता है। इसके साथ आने वाला वायरलेस चार्जिंग केस इसे और भी खास बनाता है, जो कुल मिलाकर 48 घंटे तक का बैकअप देता है।
अगर आप जल्दी में हैं, तो इसकी फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी सिर्फ 15 मिनट में इसे 50 प्रतिशत तक चार्ज कर देगी।













