ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।केंद्र सरकार ने स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के प्रमुख अनुराग गर्ग का कार्यकाल अगले साल जुलाई तक बढ़ा दिया है। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में यह जानकारी दी गई।
हिमाचल प्रदेश काडर के 1993 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी गर्ग को सितंबर 2024 में एनसीबी का महानिदेशक नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल इस साल 23 मई को समाप्त होना था।
आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने गर्ग की एनसीबी महानिदेशक के रूप में प्रतिनियुक्ति अवधि को 23 मई 2026 के बाद 31 जुलाई 2027 तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख 31 जुलाई 2027 ही है। एनसीबी ने हाल में मादक पदार्थ तस्करी के कई गिरोहों का भंडाफोड़ किया और देश में पहली बार तथाकथित ‘‘जिहादी ड्रग’’ कैप्टागन जब्त किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 16 मई को कैप्टागन की तस्करी में शामिल एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ किए जाने की घोषणा की थी। इस दौरान 182 करोड़ रुपये मूल्य का 227 किलोग्राम ‘‘जिहादी मादक ड्रग’’ जब्त किया गया था।













