ब्लिट्ज ब्यूरो
भुवनेश्वर। नौ साल, दो महीने और 18 दिन, किसी भी बच्चे के लिए यह उम्र स्कूल जाने और शरारतें करने की होती है, लेकिन दिल्ली के आरित कपिल ने इस उम्र में वह उपलब्धि हासिल कर ली, जो पहले कोई भारतीय हासिल नहीं कर सका। जी हां, शतरंज के खिलाड़ी आरित ने केआईआईटी अंतरराष्ट्रीय ओपन शतरंज टूर्नामेंट में अमेरिका के ग्रैंडमास्टर रासेत जियातदिनोव को हरा दिया।
इसके साथ, आरित क्लासिकल प्रारूप में ग्रैंडमास्टर को हराने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। 2015 में जन्मे आरित ने 66 वर्षीय रासेत को 63 चालों में हराया।
इसी वर्ष भारतीय मूल के सिंगापुर के शतरंज खिलाड़ी आश्वथ कौशिक आठ साल छह माह की उम्र में ग्रैंडमास्टर को हराने वाले दुनिया के सबसे युवा शतरंज खिलाड़ी बने थे। उन्होंने पोलैंड के जासेक स्तोपा को हराया था।
आरित की ईएलओ रेटिंग 1831 है। वह अगले महीने दुर्गापुर में अंडर-13 राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खेलेंगे।
आरित से हारने वाले जियातदिनोव 1983 व 1985 में उज्बेकिस्तान शतरंज चैंपियनशिप जीत चुके हैं।













