ललित दुबे
वाशिंगटन। पाकिस्तान समेत दर्जन भर से ज्यादा देशों के नागरिकों के अमेरिका आने पर प्रतिबंध लग सकता है। समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस आशय का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने दर्जनों देशों के नागरिकों के खिलाफ अमेरिका की यात्रा पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है, जिनमें पाकिस्तान भी शामिल है। नाम न बताने की शर्त पर अमेरिका के एक अधिकारी ने कहा है कि अभी इस लिस्ट में बदलाव हो सकते हैं और इसे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो सहित ट्रंप प्रशासन की तरफ से अनुमोदित नहीं किया गया है।
तीन हिस्सों में विभाजित लिस्ट
रिपोर्ट के मुताबिक इस लिस्ट को तीन हिस्सों में विभाजित किया गया है और कुल मिलाकर इनमें 44 देश शामिल हैं। इनमें पहली कैटेगरी में पूरी तरह से वीजा प्रतिबंध शामिल है। पहली कैटेगरी में अफगानिस्तान, क्यूबा, ईरान, लीबिया, उत्तर कोरिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया, वेनेजुएला और यमन को शामिल किया गया है।
दूसरी लिस्ट में पाक व रूस
दूसरी कैटेगरी में उन देशों को रखा गया है, जिनके यात्रियों को कई आधार पर अमेरिका आने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इस कैटेगरी के तहत टूरिस्ट और छात्र समेत कई तरह के और लोगों को अमेरिका में एंट्री नहीं दी जाएगी या इन्हें वीजा मिलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस लिस्ट में इरिट्रिया, हैती, लाओस, म्यांमार, दक्षिणी सूडान, बेलारूस, पाकिस्तान, रूस, सिएरा लियोन और तुर्कमेनिस्तान जैसे देश शामिल हैं। इसके अलावा इस लिस्ट की तीसरी कैटेगरी में ऐसे देशों को शामिल किया गया है, जिनके ऊपर आंशिक वीजा प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इस लिस्ट में अंगोला, एंटीगुआ और बारबुडा, बेनिन, भूटान, बुर्किना फासो, कांगो, वर्डे, कंबोडिया, कैमरून, चाड, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, डोमिनिका, इक्वेटोरियल गिनी, गाम्बिया और लाइबेरिया जैसे देश शामिल हो सकते हैं।
भारत के लिए नो टेंशन
इस प्रस्तावित लिस्ट में भारत का नाम नहीं है। यानि भारतीय यात्रियों के अमेरिका की यात्रा पर किसी भी तरह का प्रतिबंध शामिल नहीं है। इसके अलावा इस लिस्ट को अभी बदला भी जा सकता है और देशों की कैटेगरी में बदलाव भी संभव है। पाकिस्तान का नाम इस लिस्ट में शामिल है, जो शहबाज शरीफ के लिए बहुत बड़ा झटका होगा। हालांकि, पाकिस्तान की कैटेगरी में भी बदलाव संभव है, लेकिन इस लिस्ट की किसी भी कैटेगरी में आने का सबसे बड़ा असर ये होगा कि इन देशों के लोगों के लिए अमेरिका की यात्रा करना काफी मुश्किल हो जाएगा। अमेरिका का वीजा मिलना ऐसे ही काफी मुश्किल माना जाता है और प्रतिबंधित लिस्ट में आने के बाद वीजा मिलने की संभावना न्यूनतम हो जाएगी।