ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने बुधवार को अपनी विशेष बैठक में 2034 में होने वाले विश्व कप के मेजबान के रूप में सऊदी अरब के नाम की पुष्टि कर दी है। वहीं 2030 में होने वाला विश्व कप स्पेन, पुर्तगाल और मोरक्क ो में आयोजित किया जाएगा, जिसमें तीन दक्षिण अमेरिकी देशों में अतिरिक्त मैच होंगे। फीफा के एलान के बाद पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
रोनाल्डो ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ”अब तक का सबसे खास विश्व कप, सपना सच हुआ, पुर्तगाल 2030 विश्व कप की मेजबानी करेगा और हमें इस पर गर्व होगा।” उरुग्वे ने 1930 में पहले विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। वह 2030 में होने वाले विश्व कप के पहले मैच की मेजबानी भी करेगा। इससे पहले उद्घाटन समारोह अभी इसी देश में आयोजित किया जाएगा। उरुग्वे के अलावा अर्जेंटीना और पराग्वे भी 2030 में होने वाली प्रतियोगिता के एक-एक मैच की मेजबानी करेंगे।
फुटबॉल वर्ल्ड कप के मेजबानों के फैसले के लिए फीफा की वर्चुअल कांग्रेस हुई। विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा के अध्यक्ष जियानी इनफैंटिनो ने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2030 में होने वाले वर्ल्ड कप की संयुक्त मेजबानी स्पेन, पुर्तगाल और मोरक्क ो को सौंपी गई है। इसके अलावा एक-एक मैच उरुग्वे के अलावा अर्जेंटीना और पैराग्वे में होंगे। यानी फीफा वर्ल्ड कप 2030 के मैच तीन महाद्वीप और 6 देशों में खेले जाएंगे।
सऊदी अरब ने 2030 वर्ल्ड कप की मेजबानी की इच्छा जताई थी। सऊदी अरब, मिस्र, ग्रीस या इटली के साथ मिलकर मेजबानी करना चाहता था, जिसे यूएफा ने नहीं माना था। 2034 वर्ल्ड कप के लिए सऊदी अरब का नाम आगे बढ़ा दिया गया। यह दूसरा मौका है जब फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी खाड़ी देश को मिली है। साल 2022 में कतर फीफा विश्व कप की मेजबानी कर चुका है।













