ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत ने हिंद महासागर में स्थित पूर्वी अफ्रीकी देश सेशेल्स के लिए 17.5 करोड़ डॉलर के पैकेज का एलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत यात्रा पर आए सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक अर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह एलान किया। इस दौरान स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्यौगिकी समेत कुल सात समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स को भारत का भरोसेमंद समुद्री सहयोगी तथा महासागर विजन का अभिन्न अंग बताया। मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति अर्मिनी की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत-सेशेल्स के राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। भारत और सेशेल्स के संबंध केवल राजनयिक संपर्क तक सीमित नहीं है बल्कि हिंद महासागर की लहरें सदियों से हमारे लोगों को जोड़ती आई हैं। इसके तटों पर दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ा, संस्कृतियां मिलीं और विश्वास की परंपराएं मजबूत होती गई।
मोदी ने कहा कि हमारा नाता कल, आज और आने वाले कल का है। आज की बातचीत के दौरान साझेदारी को सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। दोनों देश आर्थिक सहयोग को और सुदृढ़ बनाने के लिए नए अवसरों की तलाश जारी रखने पर भी सहमत हैं। इस मौके पर दोनों देशों ने स्थानीय मुद्राओं में कारोबार बढ़ाने के साथ फिनटैक और डिजिटल सोल्यूशन्स में भी सहयोग बढ़ाने पर सहमति प्रकट की। इस मौके पर भारत-सेशेल्स संयुक्त विजन जारी करने का भी एलान किया गया। इससे आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच सहयोग का नया रोडमैप तैयार होगा।
विकास में साझेदारी से भरोसा बढ़ा
पीएम मोदी ने कहा, विकास में साझेदारी भारत और सेशेल्स के संबंधों की मजूबत नींव रही है। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए सेशेल्स के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की जा रही है। यह पैकेज सामुदायिक आवास, ई-मोबिलिटी, वोकेशनल ट्रेनिंग, स्वास्थ्य, रक्षा और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों की परियोजनाओं के लिए है। इससे सेशेल्स के लोगों खासकर युवाओं के लिए रोजगार के मौके उपलब्ध होंगे।
इन समझौतों पर सहमति
सेशेल्स के नौकरशाहों की भारत में ट्रेनिंग होगी
डिजिटल क्षेत्र में सुधारों को लेकर एमओयू किफायती दवाओं की आपूर्ति, मेडिकल टूरिज्म तथा स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार दिया जाएगा
भारतीय मौसम विभाग और सेशेल्स के विभाग के बीच क्षमता विकास पर होगी बात
सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का 2030 तक विस्तार
समुद्री सूचनाओं का आदान-प्रदान होगा
कोऑपरेटिव एक्सपोर्ट लिमिटेड और सेशेल्स ट्रेडिंग अथॉरिटी के बीच खाद्यान्न खरीद को लेकर समझौता













