ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। यूपी ने गणतंत्र दिवस परेड 2025 में बेस्ट झांकी कैटेगरी में पहला और त्रिपुरा ने दूसरा स्थान हासिल करके उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक बयान के अनुसार परिणाम तीन निर्णायक मंडलों द्वारा निर्धारित किए गए। मंडलों ने सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के मार्चिंग दस्तों के प्रदर्शन के साथ-साथ विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के मंत्रालयों/विभागों की झांकियों का मूल्यांकन किया।
टॉप तीन झांकियों में उत्तर प्रदेश ने ‘महाकुंभ 2025 – स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास’ का प्रतिनिधित्व करते हुए पहला स्थान हासिल किया। त्रिपुरा ने ‘शाश्वत श्रद्धा: 14 देवताओं की पूजा- खर्ची पूजा’ को प्रदर्शित करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, आंध्र प्रदेश ने अपनी झांकी ‘एटिकोपका बोम्मालु – पर्यावरण के अनुकूल लकड़ी के खिलौने’ के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
पीपुल्स च्वाइस अवार्ड कैटेगरी
वहीं, पीपुल्स च्वाइस अवार्ड कैटेगरी में भी उत्तर प्रदेश की ओर से निकाली गई झांकी ‘कर्तव्य पथ पर महाकुंभ’ झांकी को पहला स्थान मिला। इस कैटेगरी में 40 फीसदी वोट के साथ उत्तर प्रदेश पहला और 35 फीसदी वोट के साथ गुजरात दूसरे स्थान पर रहा।
उत्तर प्रदेश की झांकी भारत ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व में मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में प्रतिष्ठित महाकुंभ 2025- स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास को प्रदर्शित कर रही थी।
यह झांकी प्रयागराज में पवित्र गंगा, अविरल यमुना और पौराणिक सरस्वती के संगम पर हो रहे महाकुंभ के दिव्य स्वरूप को दर्शा रही थी, जो पृथ्वी पर मानवता का सबसे बड़ा समागम है।