ब्लिट्ज ब्यूरो
वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने वाराणसी में आर्थिक और पर्यावरणीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गंगा में 100 इलेक्टि्रक नावें लॉन्च करने की घोषणा की है।
मंडलायुक्त ने कहा कि आर्थिक और पर्यावरणीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इलेक्टि्रक नावों को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकारी योजना के तहत सौ इलेक्टि्रक नावों को लांच किया जाएगा। मोटरबोट को सीएनजी में परिवर्तित किया जाएगा। इसे माझी व नाविक समाज के लोगों की सहभागिता से योजना से जोड़ा जाएगा।
मंडलायुक्त ने भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के साथ माझी समाज के लोगों व नाविकों के साथ समन्वय बैठक में उक्त बातें कहीं। बैठक में माझी समाज के लोगों ने अपनी समस्याएं व सुझाव रखे। इसमें सभी नाविकों के लिए यूनिफार्म व पहचान पत्र बनवाने, अवैध गाइड करने वालों पर रोक लगाने, विभिन्न घाटों के मध्य बोट रेट निर्धारित करने, लाइसेंसीकरण सुनिश्चित कराने और परंपरागत नावों के फिटनेस जांच में शासन प्रशासन के अधिकारियों के साथ नाविक संगठन के सदस्यों को भी शामिल करने सहित अन्य मुद्दे उठाए गए। नावों की फिटनेस तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच में माझी समाज को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए सर्वेक्षक की नियुक्ति की जाएगी। नावों के रजिस्ट्रेशन की जांच के लिए आरटीओ के साथ नगर निगम को शामिल करने का सुझाव दिया गया।













