ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने कंबाइंड स्टेट इंजीनियरिंग सर्विसेज 2025 की मुख्य परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। आप परीक्षा में शामिल होने वाले हैं तो ऑफिशियल वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर शेड्यूल चेक कर सकते हैं। इसके माध्यम से कुल 609 रिक्त पदों पर नियुक्तियां होंगी। कंबाइंड स्टेट इंजीनियरिंग सर्विसेज (सीईएस) मुख्य परीक्षा का आयोजन 28 और 29 सितंबर को किया जाएगा।
मुख्य परीक्षा दोनों दिन दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट में परीक्षा सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट में दोपहर दो बजकर 30 मिनट से दोपहर 5 बजे तक होगी।
मुख्य परीक्षा शेड्यूल
28 सितंबर : इस दिन सिविल इंजीनियरिंग शाखा के पेपर का आयोजन किया जाएगा। पहली शिफ्ट में सामान्य हिंदी और मुख्य विषय (सिविल इंजीनियरिंग-1) का आयोजन किया जाएगा। दूसरी शिफ्ट में सामान्य अध्ययन और मुख्य विषय (सिविल इंजीनियरिंग-2) का आयोजन किया जाएगा।
29 सितंबर : इस दिन अन्य इंजीनियरिंग शाखा (मैकेनिकल, इलेक्टि्रकल, एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग) के पेपर का आयोजन किया जाएगा। पहली शिफ्ट में सामान्य हिंदी और मुख्य (पेपर-1) का आयोजन किया जाएगा। दूसरी शिफ्ट में सामान्य अध्ययन और मुख्य विषय (मैकेनिकल इंजीनियरिंग-2, इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग-2, एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग-2) का आयोजन किया जाएगा।