ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। खबर है कि यूआईडीएआई आधार के फिजिकल कार्ड को सिर्फ फोटो और क्यूआर कोड तक सीमित कर सकता है। सरकार ऐसा यूजर्स की प्राइवेसी की रक्षा के लिए कर सकती है। फिलहाल इसे लेकर सरकार की ओर से जानकारी नहीं दी गई है लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो नए डिजाइन वाले आधार कार्ड को यूजर्स की प्राइवेसी की रक्षा और यूआईडीएआई के नए आधार एप के इस्तेमाल को पुश करने के लिए लिया जा सकता है।
क्या बदलेगा आधार पर?
अगर टिप्सटर और बाकी सूत्रों से आ रही खबरें सही साबित होती हैं, तो यूआईडीएआई आधार के फिजिकल कार्ड से सभी डिटेल्स को हटा कर, सिर्फ धारक की फोटो और एक क्यूआर कोड ही दिखाएगा। ऐसा धारक की प्राइवेसी की रक्षा के लिए और नए आधार एप के इस्तेमाल को बढ़ावा देनेे के लिए किया जा सकता है।
सिर्फ फोटो-क्यूआर कोड से क्या फायदा
आधार के फिजिकल कार्ड पर फोटो और क्यूआर कोड होने से आधार धारक की जानकारी लीक होने का खतरा खत्म हो जाएगा। दरअसल यूआईडीएआई ने नए आधार एप के जरिए आधार के इस्तेमाल को डिजिटल बना दिया है। हालांकि इसके पूरी तरह चलन में आने में समय लग सकता है और कई जगहों पर लोगों से उनका फिजिकल आधार कार्ड ही जमा करना पड़ सकता है।

























