ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। पिछले पांच वर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) वैश्विक अर्थव्यवस्था का सबसे तेजी से बढ़ता सेक्टर बनकर उभरा है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की एआई इंडेक्स रिपोर्ट 2025 और सीबी इनसाइट्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 2020 से 2024 के बीच एआई में वैश्विक निजी और सरकारी निवेश करीब 480% बढ़कर 335 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।
इस दौरान अमेरिका और चीन सबसे बड़े निवेशक बने रहे, जबकि भारत, यूके, जर्मनी और फ्रांस जैसे देश तेजी से अपनी उपस्थिति मजबूत कर रहे हैं।
स्टैनफोर्ड एआई इंडेक्स के अनुसार 2020 में वैश्विक एआई निवेश लगभग 58 बिलियन डॉलर था, जो 2024 के अंत तक बढ़कर 335 बिलियन डॉलर के आसपास पहुंच गया। इसमें निजी इक्विटी, वेंचर कैपिटल, कॉरपोरेट आरएंडडी और सरकारी फंडिंग सभी शामिल हैं। विशेष रूप से 2023 और 2024 में जनरेटिव एआई के उभार के बाद निवेश की रफ्तार अचानक तेज हुई जब ओपन एआई, एन्थ्रॉपिक, गूगल डीपमाइंड और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों में अरबों डॉलर झोंके गए।























