ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। सीएम योगी लखनऊ में विगत दिवस यूपी के 5 खिलाड़ियों को उत्तर प्रदेश सरकार के जॉइनिंग लैटर सौंपे। साथ ही 40 खिलाड़ियों को पुरस्कार भी दिए। इनमें क्रिकेटर रिंकू सिंह भी शामिल हैं। उन्हें खेल अफसर (आरएसओ) बनाया गया है। हालांकि, रिंकू सिंह जॉइनिंग लैटर लेने कार्यक्रम में नहीं पहुंचे।
इस पर सीएम योगी ने कहा कि रिंकू सिंह पहले से किसी कैंप का हिस्सा हैं। वह वहीं गए हुए हैं इसलिए यहां नहीं आ सके। उनका नियुक्ति पत्र यहां रखा है, उन्हें बाद में दिया जाएगा।
खिलाड़ियों को जॉइनिंग लैटर देने के दौरान योगी मजाक के मूड में भी रहे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा- हमारे होम सेक्रेटरी भी गुल्ली-डंडा खेल चुके हैं। चौका-छक्क ा कहीं भी लगे, गेंद और बल्ला यूपी का होता है।
गाजीपुर के राजकुमार पाल को पुलिस विभाग में डीएसपी बनाया गया है। ओलंपिक में पदक जीतने वाले नोएडा के प्रवीण कुमार, इटावा के अजीत सिंह और गाजियाबाद के सुमिरन को पंचायती राज अधिकारी का जॉइनिंग लैटर मिला। वहीं, मुजफ्फरनगर की रहने वाली प्रीतिपाल को खंड विकास अधिकारी बनाया गया।
खेल निदेशक आरपी सिंह ने बताया- जिन खिलाड़ियों को नौकरी मिली, उनमें रिंकू सिंह टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वहीं, राजकुमार पाल ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य रहे हैं।
इनके अलावा पेरिस ओलंपिक में प्रवीण कुमार ने ऊंची कूद में स्वर्ण पदक, अजीत सिंह ने भाला फेंक में रजत पदक और सुमिरन ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था। मुजफ्फरनगर की प्रीतिपाल ने पैरा एथलेटिक्स में 100 और 200 मीटर में कांस्य पदक जीता है।
सीएम योगी ने कहा- इन खिलाड़ियों ने देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्हें सम्मानित करना गर्व की बात है। खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए सरकार ने 200 करोड़ रुपए की व्यवस्था की है। इससे उन्हें बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलेंगे। अब पुरस्कार राशि बढ़ाने का समय है। अगले साल से पुरस्कारों की राशि 10-10 लाख रुपए की जाएगी। अभी यह 3.11 लाख रुपए है।
नारी सम्मान और युवा शक्ति से राष्ट्र निर्माण सीएम ने कहा- हम नवरात्र के 9 दिनों में शक्ति के विभिन्न स्वरूपों की पूजा करते हैं। यह परंपरा समाज में नारी के सम्मान को बनाए रखने का संदेश देती है। “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, तत्र देवता रमन्ते”। जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। नारी की गरिमा और उनके स्वावलंबन को सशक्त करना हमारी प्राथमिकता है। जब युवा शक्ति आगे बढ़ती है, तो वह राष्ट्र की प्रगति का आधार बनती है। युवा और महिलाएं खेल की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ा रही हैं।
सही मंच मिले तो ओलंपिक में भी पदक दिला सकते हैं
योगी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल हमारी गुरुकुल और आश्रम परंपरा का भी अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उत्तर प्रदेश जैसा 25 करोड़ की आबादी वाला राज्य सिर्फ जनसंख्या नहीं, देश की युवा शक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां करीब 56 प्रतिशत आबादी युवा है, जो प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। यही शक्ति कभी ‘बीमारू’ कहे जाने वाले प्रदेश को आज देश के विकास का इंजन बनाने में योगदान दे रही है। उचित मंच और अवसर मिलने पर यही युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, यहां तक कि ओलंपिक में भी पदक दिलाने की क्षमता रखते हैं।













