ब्लिट्ज ब्यूरो
सिंगापुर। सात्विक साईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पूर्व नंबर एक भारतीय जोड़ी ने खिताबी सूखा समाप्त करते हुए पहली बार सिंगापुर ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया है। सात्विक-चिराग ने पुरुष युगल वर्ग के फाइनल में इंडोनेशिया के फजर अलफियान और मोहम्मद सोहिबुल फिकरी को हराया। एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन भारतीय जोड़ी ने इस तरह दो साल में अपना पहला और विश्व टूर का कुल नौवां खिताब अपने नाम किया है।
सात्विक-चिराग ने एक घंटा 13 मिनट तक चले फाइनल मुकाबले में इंडोनेशियाई जोड़ी को 18-21, 21-17, 21-16 से हराकर अपना तीसरा सुपर 750 खिताब जीता। विश्व की चौथे नंबर की भारतीय जोड़ी के लिए यह खिताब बेहद खास है क्योंकि वे पहले भारतीय हैं जिन्होंने सिंगापुर ओपन में युगल वर्ग का खिताब अपने नाम किया है। सात्विक-चिराग की जोड़ी ने इससे पहले 2024 में थाईलैंड ओपन का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद से ये भारतीय जोड़ी चार बार फाइनल में पहुंची, लेकिन विजेता बनने से चूकती रही। हालांकि, आखिरकार सिंगापुर ओपन में जाकर इस जोड़ी ने खिताबी सूखा समाप्त किया।
इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ बेहतर नहीं था रिकॉर्ड
फाइनल से पहले भारतीय जोड़ी को इंडोनेशिया की इस जोड़ी के खिलाफ खेले गए तीन मुकाबलों में से दो में हार का सामना करना पड़ा था। इस प्रतिद्वंद्वी जोड़ी के खिलाफ उनकी पिछली हार जनवरी में मलयेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में हुई थी।
कड़े मुकाबले वाले पहले गेम में पिछड़ने के बावजूद भारतीय जोड़ी ने अपने खेल की गति बढ़ाई और लंबी रैलियों में दबदबा बनाते हुए विश्व नंबर तीन इंडोनेशियाई जोड़ी के खिलाफ मुकाबले का रुख पलट दिया।













