ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित बनाने का फूलप्रूफ प्लान तैयार कर लिया है। यात्रा मार्ग पर सेना, सीएपीएफ के 55 हजार से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय खुफिया इकाई को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीन जुलाई से पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही है।
राज्य में लगभग पचास विदेशी दहशतगर्द और दर्जनों ओवर ग्राउंड वर्कर भी सक्रिय हैं। खुफिया सूचनाओं के मुताबिक अमरनाथ यात्रा के दौरान छोटी मिसाइल यानी हैंड ग्रेनेड से हमला, ड्रोन-अटैक, फिदायीन हमला और आईईडी से नुकसान पहुंचाना, यह खतरा बना रहेगा। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने उक्त खतरों का तोड़ निकाल लिया है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा एवं दूसरी तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्य सचिव, डीजीपी, सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी इसमें शामिल रहे ।
यह की गई है सुरक्षा व्यवस्था
मल्टी एजेंसी सेंटर में सुरक्षा बलों का त्वरित तालमेल
सीमा पार से आने वाले ड्रोन पर नजर
हैंड ग्रेनेड व आईईडी हमला रोकने के लिए विशेष दस्ते
वाहनों में चिपकू बम का पता लगाने के लिए फोर्स की तैनाती
रसद सामग्री वाले स्थानों पर ड्रोन से नजर, स्कैनर की मदद
यात्रियों शिविरों के आसपास त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा
सुरक्षा बलों के खोजी कुत्ते तैनात।













