ब्लिट्ज ब्यूरो
गुजरात। रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के चेयरपर्सन मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी 140 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं। वे जामनगर से द्वारका जा रहे हैं। रास्ते में अनंत ने एक वाहन को रुकवाकर बूचड़खाने ले जाई जा रही 250 मुर्गियों को बचाया। उन्होंने दोगुनी कीमत देकर सभी मुर्गियों को खरीदा और आजाद कर दिया। वे एक मुर्गी को लेकर चलते भी दिखे।
10 अप्रैल को अनंत अंबानी का जन्मदिन है। वह अपना 30वां जन्मदिन द्वारका में ही मनाएंगे। अनंत ने अपनी यात्रा 28 मार्च को जामनगर के मोती खावड़ी से शुरू की थी। लोगों को ट्रैफिक और सिक्योरिटी के चलते मुश्किल का सामना न करना पड़े, इसलिए अनंत रात में यात्रा करते हैं। अनंत और उनके परिवार की भगवान द्वारकाधीश में गहरी आस्था है। अनंत को खंभालिया के फुललिया हनुमान मंदिर के भरतदास बापू ने द्वारकाधीश की फोटो भेंट की। अनंत ने विश्वनाथ वेद संस्कृत पाठशाला के संस्थापक मगनभाई राज्यगुरु के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। अनंत ने कहा- युवा भगवान द्वारकाधीश में विश्वास रखें।
वन्यजीवों के संरक्षण के लिए
‘वनतारा’ चलाते हैं अनंत
अनंत अंबानी ने पिछले साल राधिका मर्चेंट के साथ शादी की थी। फिलहाल वे अपने वन्यजीव संरक्षण से जुड़े ‘वनतारा’ के लिए सुर्खियों में हैं। केंद्र सरकार ने 27 फरवरी को ‘वनतारा’ को पशु कल्याण में देश के सर्वोच्च सम्मान प्राणी मित्र राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया था। ‘वनतारा’ अनंत अंबानी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। यह वन्यजीव बचाव, पुनर्वास और संरक्षण केंद्र है। यह 2000 से ज्यादा प्रजातियों व 1.5 लाख बचाए गए लुप्तप्राय और संकटग्रस्त जानवरों का घर है।