ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। सीआरपीएफ और आइटीबीपी के पूर्व महानिदेशक अनीश दयाल सिंह को नया उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (डिप्टी एनएसए) बनाया गया है। उनका कार्यभार देश के आंतरिक मामलों को संभालना होगा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दिसंबर, 2024 में सेवानिवृत्त हुए अनीश दयाल सिंह मणिपुर कैडर के 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आइपीएस) अधिकारी हैं। उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की भूमिका के लिए उनके पास व्यापक अनुभव है। उन्होंने करीब 30 सालों तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (आइबी) में सेवाएं दी हैं। इसके बाद उन्होंने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) और हाल ही में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का नेतृत्व किया है। अनीश दयाल सिंह डिप्टी एनएसए के रूप में देश के आंतरिक मामलों के प्रभारी होंगे।