ब्लिट्ज ब्यूरो
रायपुर। छत्तीसगढ़ की बोधघाट सिंचाई परियोजना को दोबारा शुरू करने की घोषणा की गई है। यह बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट अब बस्तर को विकास के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी नई दिशा देगा। दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों के ग्रामीण अंचलों में स्थायी सिंचाई एवं ऊर्जा उत्पादन की मजबूत आधारशिला रखी जाएगी। दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई सुविधा और बिजली उत्पादन बढ़ाने को दंतेवाड़ा जिले की इंद्रावती नदी पर यह प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 49,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पीएम नरेंद्र मोदी से सीएम विष्णुदेव साय ने इस पर लंबी चर्चा की है।
दरअसल, बोधघाट प्रोजेक्ट 1979 से लंबित है। इसकी आधारशिला पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने रखी थी। इस परियोजना के शुरू होने से दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के 269 गांवों को लाभ मिलेगा। सीएम विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी से चर्चा के दौरान कहा था कि बस्तर संभाग लंबे समय से नक्सल प्रभावित रहा है। इसी वजह से संभाग सिंचाई साधनों के विकास में पिछड़ गया है। बस्तर के विकास के लिए बोधघाट बहुउद्देशीय बांध परियोजना निर्णायक साबित होगी। यह परियोजना, लंबे समय से इंद्रावती नदी पर प्रस्तावित है। इंद्रावती, गोदावरी नदी की बड़ी सहायक नदी है। गोदावरी जल विवाद अभिकरण के वर्ष 1980 के अवॉर्ड में भी अन्य योजनाओं के साथ बोधघाट परियोजना का उल्लेख किया गया है। इस अवॉर्ड में शामिल किए गए दूसरे राज्यों के प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं लेकिन अति संवेदशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने की वजह से बोधघाट प्रोजेक्ट शुरू ही नहीं किया जा सका। अब 46 साल बाद फिर काम शुरू होने की उम्मीद जगी है।
बस्तर को मिलेगा जल शक्ति का वरदान
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सिंचाई रकबे में लगातार वृद्धि हुई है। हाल ही में दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बोधघाट परियोजना पर चर्चा की गई। इस परियोजना से बस्तर अंचल के किसानों को भरपूर सिंचाई सुविधा मिलेगी। साथ ही इंद्रावती और महानदी की इंटरलिंकिंग प्रोजेक्ट पर भी काम शुरू किया गया है, जिससे सिंचाई रकबा बढ़कर 7 लाख हेक्टेयर तक पहुंच जाएगा। सीएम साय ने कहा कि बस्तर अब विकास की मुख्यधारा में है। कभी जहां गोलियों की आवाज सुनाई देती थी, वहां अब स्कूलों की घंटियां गूंज रही हैं। बोधघाट प्रोजेक्ट से बस्तर को एक बड़ी सुविधा और पहचान मिलेगी।
बस्तर के विकास की रफ्तार होगी डबल
बोधघाट बांध परियोजना से बस्तर संभाग में सिंचाई साधनों का दायरा बढ़ने के साथ ही बस्तर के विकास को डबल रफ्तार मिलेगी। इस प्रोजेक्ट से 125 मेगावाट का बिजली उत्पादन और 4824 टन वार्षिक मछली का उत्पादन होगा। इसके अतिरिक्त रोजगार, खरीफ और रबी फसल मिलाकर 3,78,475 हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। 49 मि.घ.मी पेयजल भी मिलेगा। वही इंद्रावती-महानदी इंटरलिंकिंग प्रोजेक्ट से कांकेर जिले की 50,000 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सहित कुल 3,00,000 हेक्टेयर से अधिक भूमि में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा।

























