गुलशन वर्मा
नई दिल्ली। भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में और अन्य राज्यों में सिर्फ एक चरण में मतदान होगा। अप्रैल में मतदान और चार मई को मतगणना की जाएगी। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीईसी कुमार ने बताया कि चार राज्यों तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम एवं केरल और एक केंद्रशासित प्रदेश पुड्डुचेरी की 824 विधानसभा की सीटों के लिए कुल 17.4 करोड़ मतदाता मतदान करने के पात्र हैं। कुल 2.19 लाख मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 25 लाख चुनाव अधिकारी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चारों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के कुल मतदाताओं की संख्या ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, दक्षिण अफ्रीका, जर्मनी और कनाडा की आबादी के बराबर है। इस मौके पर उनके साथ निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी भी मौजूद थे।
बंगाल में दो चरण में चुनाव
सीईसी ने कहा कि काफी विस्तार से चर्चा के बाद पश्चिम बंगाल में अधिक चरणों के बजाय कम चरणों में मतदान कराने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से गहन विमर्श के बाद ही, यह जरूरी समझा गया कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव कराया जाए। पश्चिम बंगाल में पिछला चुनाव आठ चरणों में कराया गया था।
आचार संहिता लागू
सीईसी ने कहा, संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता भी तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
छह राज्यों में उपचुनाव की भी घोषणा
आयोग ने गोवा, कर्नाटक, नगालैंड और रिपुरा की पांच विधानसभा सीटों पर नौ अप्रैल को उपचुनाव कराने की भी घोषणा की है। गुजरात तथा महाराष्ट्र की तीन अन्य विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को चुनाव होंगे। उपचुनाव के परिणाम की घोषणा भी चार मई को होगी।
कब कहां होगा मतदान
09 अप्रैल-केरल
09 अप्रैल-असम
09 अप्रैल-पुडुचेरी
23 अप्रैल-तमिलनाडु
23 व 29 अप्रैल-पश्चिम बंगाल
2021 के विधानसभा चुनावों में किस पार्टी को कितनी सीटें मिली थीं
पश्चिम बंगाल
कुल सीटें- 294
बहुमत – 148
तृणमूल कांग्रेस- 215 सीटें
(48.02% वोट)
भाजपा- 77 सीटें (38.15%)
अन्य- 02
सीपीआईएम – 0 (4.73%)
कांग्रेस – 0 (2.93%)
नोटा (1.1)
अन्य 2(4.8%)
तमिलनाडु
कुल सीटें- 234
बहुमत – 118
डीएमके- 133 सीटें (37.7%)
एआईएडीएमके- 66 सीटें (33.29%)
कांग्रेस- 18 सीटें (4.3%)
भाजपा- 04 सीटें (2.6%)
अन्य- 13 सीटें
केरल
कुल सीटें- 140
बहुमत – 71
एलडीएफ- 99 सीटें (45.4%)
यूडीएफ- 41 सीटें (39.4%)
एनडीए सीटें- (15.3%)
असम
कुल सीटें- 126 बहुमत – 64
भाजपा- 60 सीटें (33.21%)
कांग्रेस- 29 सीटें (29.67%)
एआईयूडीएफ -16 सीटें (9.29%)
एजीपी- 09 सीटें (7.91%)
यूपीपीएल- 06 सीटें (3.39%)
अन्य -06 सीटें (15%)
पुडुचेरी
कुल सीटें-30
बहुमत – 16
एआईएनआरसी- 10 सीटें (25.85%)
डीएमके -06 सीटें (18.51%)
भाजपा- 06 सीटें (13.66%)
कांग्रेस- 02 सीटें (15.71%)













