ब्लिट्ज ब्यूरो
अयोध्या। श्रीराम की नगरी अयोध्या धार्मिकता और आस्था के साथ पर्यटन की दृष्टि से भी विश्व मानचित्र पर अपनी एक नई पहचान बना रही है। राम मंदिर का भव्य निर्माण अब अंतिम चरण में है। इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार अयोध्या को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से सुसज्जित करने में जुटी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों का ही परिणाम है कि इस बार का दीपोत्सव अयोध्यावासियों और श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष सौगात लेकर आ रहा है। सरयू नदी की पवित्र जल धारा के बीच अब पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव मिलने जा रहा है। दीपोत्सव तक अयोध्या में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट तैयार हो जाएगा।
मुंबई की एक प्रतिष्ठित कंपनी की ओर से बनाए जा रहे इस रेस्टोरेंट की लंबाई लगभग 20 मीटर और चौड़ाई आठ मीटर होगी। खास बात यह है कि इसमें एक बार में 30 से 40 पर्यटक बैठकर विभिन्न व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।
अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम की ओर से इस फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का निर्माण कराया जा रहा है। स्ट्रक्चर बनकर पूरी तरह तैयार है और कुछ ही दिनों में इसका शुभारंभ कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जैसे दुनिया के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों पर नदी या समुद्र किनारे फ्लोटिंग रेस्टोरेंट चलते हैं, उसी तर्ज पर अयोध्या में भी इसे विकसित किया जा रहा है। यह पहल न केवल अयोध्या के पर्यटन को नई ऊंचाई देगी बल्कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धार्मिक यात्रा के साथ एक यादगार अनुभव भी प्रदान करेगी।