ब्लिट्ज ब्यूरो
बस्ती। परशुरामपुर विकास खंड के धरमपुर ग्राम पंचायत में युवाओं के लिए ग्रामीण मिनी स्टेडियम के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। युवा कल्याण विभाग की ओर से भेजे गए 9.98 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। धन आवंटित होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए युवा कल्याण विभाग निरंतर प्रयत्नशील है। खेलो इंडिया योजना के तहत ग्रामीण मिनी स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। इसी कड़ी में पिछले वर्ष युवा कल्याण विभाग की ओर से परशुरामपुर विकास खंड के धरमपुर ग्राम पंचायत में ग्रामीण मिनी स्टेडियम का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।
इसके लिए वहां विभाग को 1.4 हेक्टेयर भूमि भी मिल चुकी है। कार्यदाई संस्था के रूप में नामित उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड ने मिनी स्टेडियम के लिए 9.98 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा था। शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मिनी स्टेडियम में ओपन जिम, आडिटोरियम, महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग अलग चेंज रुम, गार्ड रूम बनाया जाएगा।
उसके अलावा टेबिल टेनिस, बैडमिंटन कोर्ट, 200 मीटर का रेसिंग ट्रैक, कार्यालय भवन आदि का निर्माण कराया जाएगा। स्टेडियम में बाउंड्रीवॉल भी बनाई जाएगी। इसमें खेल प्रशिक्षक की तैनाती की जाएगी।
ग्रामीण खिलाड़ियों को मिलेंगी सुविधाएं
ग्रामीण क्षेत्रों में कई खिलाड़ी प्रतिभावान होने के बाद भी सुविधाओं के अभाव में आगे नहीं बढ़ पाते हैं।
ऐसे में ग्रामीण मिनी स्टेडियम बनने से वह सभी खेल सुविधाएं गांव में ही मिल जाएंगी, जिसके लिए उन्हें जिला मुख्यालय या महानगरों का रूख करना पड़ता है।
धन मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। – आर.पी. सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी













