ब्लिट्ज ब्यूरो
अहमदाबाद। बीजेपी अपने मजबूत गढ़ गुजरात में विपक्ष पर फिर भारी पड़ी है। बीजेपी ने स्थानीय निकाय के चुनावों में 215 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल की है।
राज्य में बीजेपी के अलावा कांग्रेस और आप चुनाव मैदान में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य गुजरात में बीजेपी ने कुल 215 सीटों पर निर्विरोध जीत हासिल की, जिनमें 68 नगर पालिकाओं की 196 सीटें, जूनागढ़ नगर निगम की 9 सीटें, तालुका पंचायत की 10 सीटें और उपचुनाव शामिल हैं। गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए 16 फरवरी को वोट डाले जाएंगे।
बीजेपी बोली-जनता हमारे साथ
गुजरात बीजेपी की तरफ से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यों, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की विकास रणनीति के चलते भूपेंद्रभाई पटेल, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी आर पाटिल के नेतृत्व को एक बार फिर जनता ने स्वीकार किया है। यही वजह है कि बीजेपी को स्थानीय निकाय के चुनावों में 215 सीटों पर निर्विरोध जीत मिली है।













