ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए हैं। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले और नियुक्तियों को मंजूरी दी है। इन बदलावों के तहत कई मंत्रालयों को नए सचिव मिले हैं और कुछ पदों को अपग्रेड भी किया गया है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में नए सचिव
1992 बैच के आईएएस अधिकारी चंचल कुमार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। वे इससे पहले पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनकी जगह संजय जाजू को इस मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वित्त मंत्रालय में बदलाव
खनन मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव रहे संजय लोहिया को वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वे 31 मई के बाद सचिव पद का कार्यभार संभालेंगे। यह जिम्मेदारी उन्हें नागाराजु मड्डिराला के सेवानिवृत्त होने के बाद मिलेगी।

शिक्षा और अल्पसंख्यक मंत्रालय में नियुक्तियां
राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के महानिदेशक अभिषेक सिंह को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) का नया महानिदेशक बनाया गया है। वहीं, पर्यटन सचिव श्रीवत्स कृष्णा को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। चंद्र शेखर कुमार को राष्ट्रीय वर्षा आधारित क्षेत्र प्राधिकरण (एनआरएए) का सीईओ बनाया गया है।
पर्यटन और ग्रामीण विकास में नए चेहरे
यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार को पर्यटन मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। वहीं, वस्त्र मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव रहे रोहित कंसल को ग्रामीण विकास विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ संबंधित मंत्रालयों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
भूमि संसाधन और रसायन विभाग में बदलाव
उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी नरेंद्र भूषण को भूमि संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। तेजवीर सिंह को रसायन एवं पेट्रो-रसायन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। निवेदिता शुक्ला वर्मा को प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग का सचिव बनाया गया है।
एमएसएमई मंत्रालय में नई तैनाती
भरत हरबंसलाल खेरा को एमएसएमई मंत्रालय में ओएसडी नियुक्त किया गया है। वे 30 अप्रैल के बाद सचिव पद संभालेंगे। वर्तमान सचिव सुभाष चंद्र लाल दास इस महीने के अंत में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।













