ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी की सड़कों पर 40 साल बाद फिर डबल डेकर बस दौड़ती दिखाई देगी। यह राष्ट्रीय और ऐतिहासिक धरोहरों का दर्शन कराएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कर्तव्य पथ पर विजय चौक से इलेक्टि्रक डबल डेकर बस सेवा ‘देखो मेरी दिल्ली’ की शुरुआत की। यह बस पर्यटन विभाग की ओर से संचालित की जाएगी। सीएम ने खुद पहले दिन बस में विजय चौक से प्रधानमंत्री संग्रहालय तक इसमें सफर का अनुभव लिया। इस दौरान पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।
बस में ड्राइवर समेत कुल 65 लोगों के बैठने की सुविधा होगी। पहले फ्लोर पर कुल 29 सीट और ऊपरी हिस्से पर कुल 36 लोग बैठ पाएंगे। एक बार फुल चार्ज होने पर 150-170 किलोमीटर तक चलेगी। पर्यटन विभाग फिलहाल इस बस को नई दिल्ली इलाके, इंडिया गेट के आस-पास पड़ने वाले पर्यटन स्थलों पर लेकर जाएगा क्योंकि इन रूट पर पेड़ और खुले में तार नहीं है। बस में एक गाइड भी होगा। रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम है। दिल्ली अपनी ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ भारत मंडपम ्, यशोभूमि, नया संसद भवन, सेंट्रल विस्टा और प्रधानमंत्री संग्रहालय भी अपनी अलग पहचान बना रहे है। इसलिए इन्हें भी बस रूट पर शामिल किया गया है। इससे पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का अनुभव प्राप्त होगा। कपिल मिश्रा ने कहा कि इस बस का शुभारंभ दिल्ली को ग्लोबल टूरिज्म मैप पर मजबूती से स्थापित करने की ओर एक कदम है। दिल्ली दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में है, जहां 1,200 से अधिक स्मारक मौजूद है।
सुबह 9 बजे से इस रूट पर चलेगी
यह बस रोजाना सुबह 9 बजे से दिल्ली हाट, आईएनए से बलेगी। उसके बाद विजय चौक, राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, नैशनल म्यूजियम्, नैशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नैशनल वॉर मेमोरियल और इंडिया गेट जैसे प्रमुख स्थलों से होते हुए दिल्ली हाट, आईएनए पर समाप्त होगी।
यहां से ले सकेंगे टिकट
ऑफलाइन और आनलाइन दोनों तरीके से टिकट की बुकिंग होगी। बड़ों के लिए 500 रुपये, 6 से 18 साल के बीच वालों को 300 रुपये और 5 साल या उससे कम उम्र के बच्चों का कोई टिकट नहीं लगेगा। ऑनलाइन बुकिंग के लिए www.delhitourism.gov.in पर जाना होगा। ऑफलाइन टिकट पर्यटन विभाग के सूचना केंद्रों, खड़क सिंह मार्ग, हनुमान मंदिर के सामने कॉफी हाउस के पास, आईजीआई के टर्मिनल 1, ट्रांसपोर्ट ऑफिस, वेस्ट किदवई नगर, श्री अरबिंदो मार्ग, आईएनए मार्केट के सामने, दिल्ली हाट (आईएनए) के पास और ट्रैवल डिविजन-दिल्ली हाट (आईएनए) से ले सकेंगे।
इस बार कितनी सफल होगी टूरिस्ट बस सर्विस?
इससे पहले दिल्ली में पर्यटन स्थलों पर घुमाने के लिए पर्यटन विभाग की ‘हो-हो’ बस सर्विस चलती थी। यह तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुई थी, लेकिन यात्रियों की संख्या कम होने के कारण पिछली सरकार ने इसे बंद कर दिया था। अब नई सरकार ने दोबारा नए अंदाज में टूरिस्टों के लिए बस सेवा शुरू की है, जिसमें डबल डेकर बसों के अलावा अन्य लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसे भी होगी, जो फिलहाल कुछ चुनिंदा रूटों पर ही पर्यटकों को ले जाएगी। नई बस सेवा का किराया भी थोड़ा ज्यादा है और अभी इसमें राजघाट, लाल किला, कुतुब मीनार जैसे स्थल भी शामिल नहीं हैं। ऐसे में यह बस सेवा कितनी कामयाब हो पाएगी, यह आने वाले समय में पता चलेगा।
एक बस शुरू की गई है फिलहाल।













