ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। चुनाव आयोग का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पिछले दिनों चुनाव आयोग ने 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर अभियान चलाया है। प्रक्रिया के बाद इन राज्यों में कुल मतदाताओं की संख्या 21.45 करोड़ से घटकर 19.75 करोड़ रह गई है। यानी करीब 1.70 करोड़ नाम सूची से हटा दिए गए हैं।
चुनाव आयोग द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ोंं के अनुसार विशेष गहन एसआईआर के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाताओं की संख्या 1.70 करोड़ से अधिक कम हो गई है।
27 अक्टूबर को शुरू हुआ था एसआईआर
आपको बता दें कि गुजरात, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, राजस्थान, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गोवा और केरल के चुनाव अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों से पता चला है कि पिछले साल 27 अक्टूबर को एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले इन राज्यों में कुल मिलाकर 21.45 करोड़ से अधिक मतदाता थे।
दिल्ली में कब शुरू होगा एसआईआर
वर्तमान में यह प्रक्रिया 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जारी है, जिसमें लगभग 60 करोड़ मतदाता शामिल हैं। ऐसा कहा जा सकता है कि वहां भी आने वाले समय में बाकी राज्यों की संख्या में बदलाव देखने को मिल सकता है। दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत 22 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर प्रक्रिया अप्रैल में शुरू हो सकती है। संभावना है कि 10 अप्रैल तक 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाएं खत्म होने के बाद इसे शुरू किया जाए।

























