ब्लिट्ज ब्यूरो
जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया प्रखंड के सुदूरवर्ती गांवों में पहली बार बिजली पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। खैरबनी गांव के बानागोड़ा और पलाशबनी पंचायत के बाकड़ाकोचा गांव के राहड़गोड़ा टोला में विद्युतीकरण कार्य का शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया।
झारखंड सरकार की ‘मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना’ और ‘एमयूजेआई’ के तहत ग्रामीण एवं आदिवासी इलाकों में पहली बार बिजली पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इसी योजना के अंतर्गत इन गांवों में बिजली के खंभे, तार और ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे।
आजादी के करीब 80 वर्षों बाद इन गांवों में पहली बार बिजली पहुंचेगी, जिससे ग्रामीणों में भारी उत्साह है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का पारंपरिक रीति-रिवाज और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वर्षों से वे बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे, लेकिन अब गांव में विकास की किरण दिखाई देने लगी है।
ग्रामीणों ने कहा कि अब तक कई जनप्रतिनिधि आए और गए, लेकिन किसी ने इन सुदूरवर्ती गांवों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया। गांव आज भी सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से दूर थे। अब पहली बार सरकार गांव तक विकास पहुंचाने का काम कर रही है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की सोच के साथ कार्य कर रही है।













