ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार शनिवार को महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बन गईं ं। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लोकभवन में सुनेत्रा को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह करीब 12 मिनट तक चला। शरद पवार इस समारोह में नहीं पहुंचे।
इससे पहले दिन में एनसीपी विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की विधान भवन में बैठक बुलाई गई थी, जिसमें सुनेत्रा को पार्टी नेता चुना गया था। डिप्टी सीएम की शपथ से पहले सुनेत्रा ने राज्यसभा के सांसद पद से इस्तीफा दे दिया।
सुनेत्रा को राज्य उत्पादन शुल्क, खेल एवं युवा कल्याण और अल्पसंख्यक विकास/औकाफ विभाग दिए गए हैं। वहीं सीएम देवेंद्र फडणवीस ने वित्त विभाग अपने ही पास रखा है। अजित पवार की तीन दिन पहले 28 जनवरी को बारामती में प्लेन क्रैश में मौत के बाद डिप्टी सीएम पद खाली हो गया था।
शपथ ग्रहण समारोह में सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। सुनेत्रा पवार दोपहर 1:40 बजे विधान भवन पहुंचीं। विधान भवन पहुंचकर सुनेत्रा ने अजित पवार की फोटो पर फूल चढ़ाए। विधानभवन में एनसीपी के सभी 41 नेता मौजूद रहे।
शपथ के बाद सुनेत्रा बोलीं- दादा के असमय जाने से दुख का पहाड़ टूटा
सुनेत्रा पवार शपथ के बाद X पर लिखा- आदरणीय अजीत दादा ने अपनी पूरी ज़िंदगी किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और पिछड़े लोगों को जीवन का एक मार्गदर्शक सिद्धांत दिया। आज, ‘शिव-शाहू-फुले-अंबेडकर’ के आदर्शों के प्रति समर्पित रहते हुए और उनके विचारों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए, कर्तव्य की भावना के साथ डिप्टी चीफ मिनिस्टर की जिम्मेदारी लेते हुए, मेरा दिल सच में बहुत खुश है।
उन्होंने लिखा- हालांकि दादा के असमय जाने से मेरे मन पर दुख का पहाड़ आ गया है, लेकिन उन्होंने मुझे जो कर्तव्य की भावना, संघर्ष की ताकत और लोगों के प्रति समर्पण सिखाया, वह मेरा सच्चा सहारा है। मैं उनके सपनों का न्यायपूर्ण, समान और विकसित महाराष्ट्र बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करती रहूंगी।
पीएम मोदी ने सुनेत्रा पवार को डिप्टी
सीएम बनने पर बधाई दी
पीएम ने X पर लिखा, सुनेत्रा पवार जी को महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री के तौर पर अपना कार्यकाल शुरू करने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वह इस जिम्मेदारी को संभालने वाली पहली महिला हैं। मुझे विश्वास है कि वह राज्य के लोगों की भलाई के लिए काम करेंगी और स्वर्गीय अजित दादा के विजन को पूरा करेंगी।
अजीत की मां से मिलने के लिए सुप्रिया
सुले काटेवाड़ी पहुंचीं
मुंबई में सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण समारोह के बीच सांसद सुप्रिया सुले अजित पवार की मां आशाताई पवार से मिलने के लिए काटेवाड़ी पहुंचीं।
































