आस्था भट्टाचार्य
नई दिल्ली। भारत ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। साथ ही भारत नहीं चाहता था कि राष्ट्रपति की प्रस्तावित पाकिस्तान यात्रा के साथ उनकी भारत यात्रा को जोड़ा जाए। सूत्रों के अनुसार वहां की सरकार ने इसे मान लिया है।
प्रबोवो सुबियांतो नहीं करेंगे पाक दौरा!
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो अपनी दिल्ली की यात्रा के बाद पाकिस्तान नहीं जाएंगे, ऐसा माना जा रहा है। समाचार एजेंसी के अनुसार, गणतंत्र दिवस के लिए प्रबोवो की भारत यात्रा के दौरान पाकिस्तान की यात्रा टलने जा रही है।
चौथी बार राजकीय मेहमान होंगे
सुबियांतो इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत के राजकीय मेहमान होंगे। 1950 के बाद यह चौथा अवसर होगा जब इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारत के गणतंत्र दिवस पर राजकीय मेहमान होंगे। इंडोनेशिया के साथ भारत के बेहद पुराने सांस्कृतिक व ऐतिहासिक संबंध हैं।
भारत की कूटनीतिक सफलता
हाल ही में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम नरेन्द्र मोदी की सुबियांतो से द्विपक्षीय बैठक हुई थी। यहां बताते चलें कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारत दौरे के बाद मलेशिया की यात्रा पर जाएंगे। हाल ही में पाकिस्तान की मीडिया में यह खबर प्रकाशित हुई थी कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारत के दौरे के बाद सीधे पाकिस्तान जाएंगे। भारत की यह कूटनीति रही है कि वह विदेशी मेहमानों को अपनी जमीन से सीधे पाकिस्तान नहीं जाने का आग्रह करता है।
पूर्व में अमेरिका व खाड़ी देशों के प्रशासक भारत और पाकिस्तान का दौरा एक साथ करते थे। लेकिन भारत अब इसका विरोध करता है। संभवत: भारत के आग्रह को ध्यान में रख कर ही इंडोनेशियाई राष्ट्रपति ने पाकिस्तान नहीं जाने का फैसला किया है।













