कांकेर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबल के जवानों को लगातार सफलता मिल रही हैं। कांकेर जिले में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों को ग्रामीणों का साथ मिला है। कभी पुलिस को आते देखकर छिप जाने वाले ग्रामीण अब नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबल के जवानों का साथ दे रहे हैं। ग्रामीणों के सहयोग से सुरक्षाकर्मियों ने नक्सलियों के छिपाए हथियारों को बरामद किया है।
सुरक्षाबल के जवानों को इनपुट मिला था कि नक्सलियों ने बिनागुंडा गांव में भारी मात्रा में हथियार छिपाकर रखे है ं। जवानों को जो सूचना मिली थी वह सही थी लेकिन लोकेशन के बारे में जानकारी नहीं थी। ऐसे में जवानों ने सर्च ऑपरेशन की शुरुआत की। जवानों ने बिनागुंडा में सर्चिंग अभियान चलाया लेकिन नक्सलियों के छिपाए हथियार बरामद नहीं हुए। हालांकि इसके बाद भी जवानों ने कार्रवाई नहीं रोकी और ग्रामीणों से चर्चा की। जब सुरक्षाबल के जवान ग्रामीणों से चर्चा करने पहुंचे तो लोगों ने गजब का साहस दिखाया। उन्होंने जवानों को वह जगह बताई जहां नक्सलियों ने हथियार छिपाकर रखे थे। इसके बाद जवानों ने बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक को जमा कर लिया।
नक्सलियों का था फरमान
नक्सलियों के फरमान के बाद इस गांव के लोग पुलिस और सुरक्षाबल के जवानों को देखते ही छिप जाते थे। पुलिस के सामने आने का साहस नहीं करते थे। अब नक्सलियों के खिलाफ खड़े होकर उनकी जानकारी जवानों को दे रहे हैं।
खेत में छिपा रखे थे हथियार
ग्रामीणों ने सुरक्षाबल के जवानों को बताया कि नक्सलियों ने गांव के एक खेत में हथियार और विस्फोटक जमा करके रखा है। जिसके बाद सुरक्षाबल के जवान वहां पहुंचे और भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक का बरामद किया।
हौसले की हो रही तारीफ
सुरक्षाबल के जवानों ने ग्रामीणों के हौंसले की तारीफ की है। सुरक्षाबल के अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई में अब स्थानीय लोगों का साथ मिल रहा है। स्थानीय लोगों को सुरक्षा कैंप के माध्यम से मदद मिल रही है जिससे नक्सलवाद के खिलाफ वह लोग खड़े हो रहे हैं।

























