ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। अमेरिकी राइट-विंग सोशल मीडिया पर्सनैलिटी और डोनाल्ड ट्रंप समर्थक लॉरा लूमर के सुर भारत को लेकर बदल गए हैं। उन्होंने अपने पुराने विवादित बयानों के बाद अब भारत की खुलकर तारीफ की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए उन्होंने भारत को अब तक का सबसे बेहतरीन देश बताया है।
लूमर ने कहा कि उनका भारत में अनुभव बेहद शानदार रहा और यहां के लोग, खाना, संस्कृति और मेहमाननवाजी अविश्वसनीय हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया अक्सर भारत की नकारात्मक छवि पेश करता है, जो उनकी नजर में पूरी तरह गलत है। उनके मुताबिक, भारत में उन्हें हर समय सुरक्षित और सहज महसूस हुआ।
यह अविश्वसनीय है। जब मैं यहां से जाऊंगी, मेरा अनुभव अद्भुत रहा है और मीडिया में भारत को नकारात्मक रूप से ऐसे स्थान के तौर पर दिखाया जाता है जिससे अमेरिकियों को बचना चाहिए, लेकिन मुझे एहसास हुआ कि इसमें से बहुत कुछ पूरी तरह से मनगढ़ंत है। उन्होंने भारत को भविष्य की अगली बड़ी सुपरपावर बताते हुए कहा कि यहां अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें समझने के लिए खुद यहां आना जरूरी है। लूमर ने भारतीय लोगों को बेहद विनम्र और दोस्ताना बताया और हर साल भारत लौटने की इच्छा जताई। साथ ही उन्होंने दक्षिण भारत घूमने की भी इच्छा व्यक्त की। हालांकि, लूमर पहले भारत और भारतीयों के खिलाफ विवादित टिप्पणियां कर चुकी हैं। भारत दौरे से पहले उन्होंने उन पोस्ट्स को डिलीट कर दिया था, हालांकि वे पहले से रिकॉर्ड में मौजूद हैं।













