ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन के चार साल बाद केंद्र सरकार दिल्ली में उनका स्मारक बनाने वाली है। इसके लिए राष्ट्रीय स्मृति कॉम्प्लेक्स में जगह ढूंढ़ी जाएगी। सरकार ने हाल ही में प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी। प्रणब मुखर्जी का निधन 31 अगस्त 2020 को हुआ था। वे 2012 से 2017 के बीच राष्ट्रपति रहे थे।
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने पीएम मोदी से मुलाकात कर उन्हें धन्यवाद दिया। इस मुलाकात की फोटो और सरकार का पत्र X पर शेयर कर उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी को इस पहल के लिए आभार। मुझे इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी।
शर्मिष्ठा ने आगे कहा कि बाबा कहते थे, राजकीय सम्मान कभी मांगना नहीं चाहिए। ये हमेशा ऑफर होना चाहिए। पीएम ने मेरे बाबा की यादों को सम्मान देने के बारे में सोचा। इससे बाबा को तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि वे सम्मान और अपमान के आगे चले गए हैं, लेकिन उनकी बेटी को जो खुशी मिली है वह शब्दों में बयान नहीं की जा सकती है।
राष्ट्रीय स्मृति कॉम्प्लेक्स राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उप-प्रधानमंत्री के स्मारक बनाने की जगह नई दिल्ली में यमुना नदी व राजघाट के पास राष्ट्रीय स्मृति स्थल के निर्माण की मंजूरी केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मई 2013 में दी थी। इसे एकता स्थल के पास स्मारक परिसर में बनाया गया है।













