ब्लिट्ज ब्यूरो
अयोध्या। फिल्मी कलाकारों से सजी अयोध्या की रामलीला में इस बार मां सीता के रोल में ‘मिस यूनिवर्स इंडिया’ मणिका विश्वकर्मा दिखेंगी। उन्होंने अयोध्या की हाई टेक रामलीला में सीता का पात्र के लिए चुने जाने पर प्रभु राम की कृपा बताया है।
अयोध्या की रामलीला के संस्थापक अध्यक्ष सुभाष मलिक (बॉबी) ने बताया कि मां सीता के रूप में ‘मिस यूनिवर्स इंडिया 2025’ मणिका विश्वकर्मा इस साल की रामलीला का मुख्य आकर्षण रहेंगी। सबसे बड़ी अयोध्या की रामलीला को पिछले वर्ष रिकॉर्ड तोड़ 45 करोड़ लोगों ने डिजिटल प्लेटफार्म पर देखा था। 2025 की रामलीला और भी खास होने वाली है, क्योंकि इस वर्ष भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा हो रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान की मणिका ‘मिस यूनिवर्स 2025’ में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली हैं। अयोध्या की रामलीला में कई जाने-माने कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं। इस वर्ष की रामलीला 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राम कथा पार्क में आयोजित की जाएगी।
रामलीला में प्रमुख भूमिकाएं
परशुराम : पुनीत इस्सर, जो महाभारत में दुर्योधन की भूमिका निभाने के लिए जाने जाते हैं।
बाली : मनोज तिवारी, भोजपुरी सुपरस्टार और सांसद।
केवट : रवि किशन, गोरखपुर के सांसद।
हनुमान जी : राजेश पुरी, जाने-माने एक्टर।
रावण : मनीष शर्मा, जो तीसरी बार इस भूमिका में नजर आएंगे।
भगवान राम : राहुल गुच्चर।
मेघनाद : रजा मुराद।
राजा जनक : अवतार गिल।
विभीषण : राकेश बेदी।
मां सीता : मणिका विश्वकर्मा।
भगवान लक्ष्मण : राजन मोदी।