संदीप सक्सेना
नई दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में संयुक्त सचिव विमल आनंद ने कहा है कि वाहन प्रदर्शनी (आटो एक्सपो) में 40 से अधिक नए उत्पाद पेश किए जाने की उम्मीद है। वाहन मेला 17-22 जनवरी तक ‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो-2025’ के तहत आयोजित किया जा रहा है।
आनंद ने यहां ‘भारत बैटरी शो’ के बारे में जानकारी देने के लिए आयोजित कार्यक्रम से इतर कहा कि वीजा का मुद्दा बना हुआ है। इसलिए अधिक संख्या में चीन की कंपनियों की भागीदारी की उम्मीद नहीं है। हालांकि, उनमें से कुछ कंपनियां इस एक्सपो में भाग ले रही हैं। यह शो भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो-2025 का हिस्सा होगा। उन्होंने कहा, ‘पिछले वर्ष यह कार्यक्रम (मोबिलिटी शो) केवल भारत मंडपम में आयोजित किया गया था, लेकिन इस साल हमने इसे तीन गुना बढ़ा दिया है और हम इसे न केवल भारत मंडपम में, बल्कि यशोभूमि (द्वारका स्थित भारत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र) और इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट (ग्रेटर नोएडा) में भी आयोजित करने जा रहे है।’ ‘ऑटो शो’ मुख्य आकर्षण होगा और मोटर वाहन के साथ-साथ बैटरी शो, टायर शो तथा इलेक्ट्रॉनिक शो सहित इस क्षेत्र से संबंधित विभिन्न खंडों पर अन्य कार्यक्रम भी भारत मंडपम में आयोजित किए जाएंगे। वाहन प्रदर्शनी के दौरान 40 से अधिक उत्पाद पेश होने जा रहे है। ये दोपहिया से लेकर यात्री वाहन तथा बस तक विभिन्न खंडों में पेश किए जाएंगे।’ यह ऑटो शो कारोबार-से- कारोबार (बी2बी) के साथ-साथ कारोबार-से-उपभोक्ता (बी2सी) भी होगा।












