ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। इंडियन रेलवे की इंटीगरल कोच फैक्ट्री चेन्नई में पहली बार एक विशेष ईएमयू ट्रेन बनाई गई है। यह ट्रेन मुंबई लोकल में अधिक भीड़ को मैनेज करने में मदद करेगी। इसमें अन्य सामान्य ईएमयू की तुलना में करीब डेढ़ हजार यात्री अधिक सफर कर सकेंगे। अभी यह एक ईएमयू बनाई गई है। आने वाले समय में इस तरह की 12 और ट्रेन बनाई जाएंगी।
रेलवे ने बताया कि इस ट्रेन में 7555 यात्री सफर कर सकेंगे। यह 15 कोच की ईएमयू है। आमतौर पर ईएमयू 12 कोच की होती है जिसमें 6045 यात्री सफर कर पाते हैं लेकिन रेलवे द्वारा पहली बार बनाई गई इस विशेष ईएमयू में 7,555 लोग सफर कर सकेंगे। हालांकि, इस ट्रेन में ऑटोमेटिक डोर नहीं होंगे। लेकिन ट्रेन का डिजाइन इस तरह से तैयार किया गया है ताकि इसमें अधिक भीड़-भाड़ होने के बावजूद किसी को घुटन न हो।

























