ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। वसंतकुंज योजना के पास घैला में गोमती किनारे नमो वन विकसित होगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने शहरों में ‘नमो वन’ नाम से पार्क बनाने की घोषणा की थी। इसके तहत नगर निगम यह पार्क विकसित करेगा। इसके लिए घैला में 13.41 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। मेयर सुषमा खर्कवाल ने चिह्नित जमीन का निरीक्षण किया।
तय योजना के मुताबिक, नमो वन में घने वृक्षों के साथ तितलियों को आकर्षित करने वाले पौधे और बांस भी लगाए जाएंगे। इसके साथ वॉटर बाडी, ओपन जिम, कैफेटेरिया और बर्ड-फ्रेंडली गार्डन तैयार किए जाएंगे। बच्चों और पर्यटकों के लिए शैक्षिक केंद्र बनाए जाएंगे। इसे विकसित करने में करीब 15 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है।
मियावाकी पद्धति से तैयार होगा उपवन
अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद राव ने बताया है कि नमो वन को मियावाकी पद्धति से विकसित किया जाएगा। इस पद्धति से 1,31,250 पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ जॉगिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा, ताकि लोग हरियाली के बीच सुबह-शाम व्यायाम और सैर का आनंद ले सकें।
प्राकृतिक कैफेटेरिया भी बनेगा
नमो वन में प्राकृतिक कैफेटेरिया भी बनेगा। इसमें पक्के निर्माण के बजाय बैठने के लिए हरे-भरे घास के मैदान डिजाइन किए जाएंगे। यहां लोगों को ऐसा महसूस होगा, जैसे वे किसी प्राकृतिक उद्यान में भोजन कर रहे हों। इस कैफेटेरिया में स्थानीय और ऑर्गेनिक उत्पादों से बनी वस्तुएं भी मुहैया करवाई जाएंगी।