ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।सरकार ने बताया है कि न्यू आधार एप ने सिर्फ 3 महीनों में 2.1 करोड़ से अधिक डाउनलोड्स पा लिए हैं। इस एप का सबसे अधिक उपयोग मोबाइल नंबर को अपडेट करने के लिए किया जा रहा है। हालांकि सरकार उस प्रस्ताव को टाल चुकी है जिसमें मोबाइल फोन्स में इस एप को प्री-इंस्टॉल किए जाने की बात थी। आधार एप न्यू जेनरेशन मोबाइल एप्लिकेशन है।
नए आधार एप ने बड़ी कामयाबी पाई है। सरकार ने बताया है कि नया आधार एप जनता के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। सिर्फ तीन महीनों में इसके 2.1 करोड़ से अधिक डाउनलोड हो गए हैं, जिससे आधार से जुड़ी सेवाएं लोगों के लिए बहुत आसान हुई हैं। जानकारी के अनुसार, नए आधार एप को सबसे अधिक मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए उपयोग में लाया जा रहा है। अब तक 28 लाख से अधिक लोग नए आधार एप का उपयोग करके अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर चुके हैं। इसी तरह, लगभग 6 लाख लोगों ने अपने एड्रेस को अपडेट करने के लिए इस एप का उपयोग किया है।
क्या है नया आधार एप
आधार एप न्यू जेनरेशन मोबाइल एप्लिकेशन है। इसे इसलिए डिजाइन किया गया है ताकि लोग अपने मोबाइल को ही आधार कार्ड की तरह आईडी प्रूफ के रूप में दिखा सकें। जो लोग जेब में आधार कार्ड रखकर नहीं चलना चाहते, वह आधार एप को सत्यापन के लिए प्रस्तुत कर सकते हैं। सरकार का कहना है कि नए आधार एप का बढ़ता उपयोग न केवल लोगों के भरोसे को दर्शाता है, बल्कि आधार सर्विसेज को अधिक सुलभ और यूजर फ्रेंडली बनाने में नए एप की भूमिका को भी प्रदर्शित करता है, जिससे आधार यूजर्स का काम आसान होता है।
न्यू आधार एप के फीचर्स
इस एप में फेस वेरिफिकेशन की सुविधा है।
एक क्लिक में बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक हो जाता है।
क्यूआर कोड कार्ड जनरेट करके उसे शेयर करने की सुविधा है।
नए आधार एप को दिखाकर लोग होटल-चेक इन कर सकते हैं।
उम्र के वेरिफिकेशन, अस्पताल में भर्ती होने जैसे कामों के लिए भी इसे दिखाया जा सकता है।
ऐप को एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म से डाउनलोड किया जा सकता है।












