ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई विश्व नेताओं के साथ नौ द्विपक्षीय बैठकें कीं। पीएम ने स्पेन, फिनलैंड, सर्बिया, क्रोएशिया, एस्टोनिया, कजाकिस्तान और भूटान के नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने गूगल के सीईओ और सन माइक्रोसिस्टम्स के सह-संस्थापक से भी मुलाकात की। भारत मंडपम में आयोजित आधिकारिक भोज में पीएम मोदी ने विश्व नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया और वैश्विक नेताओं के साथ अनौपचारिक बातचीत देर शाम तक जारी रही।
इससे पहले दिन में, प्रधानमंत्री मोदी ने एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज, फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो, सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक, क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक, एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार कारिस, कजाकिस्तान के प्रधानमंत्री ओल्ज़ास बेक्टेनोव और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।
पीएम मोदी ने सुंदर पिचाई और विनोद खोसला से की मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद हाउस में गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और सन माइक्रोसिस्टम्स के संस्थापक विनोद खोसला से भी मुलाकात की। सुंदर पिचाई ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा आज सुबह माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर बहुत अच्छा लगा। हमने इस बात पर चर्चा की कि गूगल भारत में स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, सभी भाषाओं में सूचना की पहुंच बढ़ाने, स्टार्टअप्स, कृषि और अन्य क्षेत्रों को समर्थन देने के लिए एआई को व्यापक स्तर पर लागू करने के उनके मिशन में किस प्रकार सहायता कर रहा है। इस शानदार शिखर सम्मेलन के लिए हमें एक साथ लाने के लिए प्रधानमंत्री जी आपका धन्यवाद। उन्होंने आगे लिखा कि एआई इम्पैक्ट समिट के लिए भारत में वापस आकर बहुत अच्छा लगा- हमेशा की तरह बहुत गर्मजोशी से स्वागत हुआ और पेपर्स भी बहुत बढ़िया थे।
























