ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। इजरायल यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया गया। इजरायली संसद नेसेट में मोदी-मोदी के नारों के बीच पीएम मोदी ने अपने ऐतिहासिक संबोधन में भारत और इजरायल की दोस्ती को याद किया और कहा कि हम हर मुश्किल वक्त में एकदूसरे के साथ खड़े हैं। पीएम मोदी ने बताया, 17 सितंबर 1950 को जिस दिन मेरा जन्म हुआ, उसी दिन भारत ने इजरायल को मान्यता दी थी। पीएम ने इजरायल को फादर लैंड और इंडिया को मदरलैंड बताया और कहा कि हमें इस पर गर्व है।
32 मिनट का रहा पीएम मोदी का भाषण
इस ऐतिहासिक दौरे के सम्मान में इजरायल के संसद भवन की इमारत को भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया था। अपने 32 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने प्राचीन सभ्यता से लेकर आधुनिक तकनीक, नवाचार और रक्षा संबंधों तक की चर्चा की। पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर के आतंकी हमले पर शोक व्यक्त किया और कहा कि आतंकवाद को किसी भी आधार पर सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दिया।
मोदी इजरायली संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय पीएम
इससे पूर्व पीएम मोदी ने इजरायल की संसद नेसेट के विशेष पूर्ण सत्र को संबोधित किया। वे इजराइली संसद में भाषण देने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। नेसेट पहुंचने पर स्पीकर ने उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर इजरायल के सत्ता पक्ष और विपक्ष; दोनों ने एकजुट होकर भारत के साथ मजबूत रिश्तों का समर्थन किया। पीएम मोदी को नेसेट के स्पीकर पदक से भी सम्मानित किया गया जिसे उन्होंने दोनों देशों की पुरानी दोस्ती और लोकतांत्रिक परंपराओं को समर्पित किया।
गाजा शांति पहल का पुरजोर समर्थन
प्रधानमंत्री ने गाजा शांति पहल का पुरजोर समर्थन भी किया और कहा कि यह क्षेत्र में न्यायसंगत और स्थायी शांति का रास्ता है। उन्होंने भारत-इजरायल मुक्त व्यापार समझौते पर भी चर्चा की जिससे दोनों देशों के व्यापार को नई ऊंचाई मिलेगी। 9 साल के अंतराल में पीएम मोदी की ये दूसरी इजरायल यात्रा है। 2017 में जब वे पहली बार इजरायल गए थे; तब दोनों देशों के रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिला था।
पीएम मोदी का इजरायली कंपनियों को भारत में निवेश और मैन्युफैक्चरिंग का न्योता
प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायली कंपनियों को भारत में निवेश करने, मैन्युफैक्चरिंग स्थापित करने और तकनीकी साझेदारी बढ़ाने के अवसर तलाशने का निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ यहां विभिन्न क्षेत्रों में इजरायल की अग्रणी तकनीकों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी का दौरा किया. इस प्रदर्शनी में एग्री-टेक, वॉटर-टेक, क्लाइमेट-टेक, हेल्थ-बायोटेक, स्मार्ट मोबिलिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सुरक्षा और क्वांटम तकनीक जैसे क्षेत्रों की नवीन खोजें शामिल थीं।
याद वशेम गए मोदी
गुरुवार को यरुशलम में नरेंद्र मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ विश्व होलोकॉस्ट स्मृति केंद्र याद वशेम का दौरा किया। पीएम मोदी ने यहां होलोकॉस्ट के शिकार लाखों निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आप केवल मित्र नहीं हैं, आप भाई हैं: नेतन्याहू ने पीएम मोदी से कहा
इजरायली संसद में पीएम मोदी को कई बार स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया। इस दौरान जय हिंद और वंदे मातरम की गूंज भी सुनाई दी। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सात अक्टूबर 2023 के भीषण हमले के बाद इजरायल के साथ खड़े रहने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। नेतन्याहू अपने संबोधन की शुरुआत में भावुक दिखे। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री और राष्ट्राध्यक्ष नेसेट आते हैं और यह हम सभी के लिए हमेशा उत्साह का क्षण होता है, लेकिन मेरे प्रिय मित्र नरेन्द्र, आपकी यात्रा से मैं विशेष रूप से भावुक हूं। आप इज़राइल के महान मित्र हैं और विश्व मंच पर एक महान नेता हैं…. नरेन्द्र, आप केवल मित्र नहीं हैं, आप भाई हैं।’

























