ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। चुनाव से पहले पीएम मोदी की तीर्थ स्थल पर जाने की परंपरा रही है। 11 साल पहले प्रधानमंत्री बने मोदी अब तक 12 बार वोटिंग के दिन तीर्थ जा चुके हैं। इनमें 8 में से 6 मौकों पर भाजपा सत्ता में आई। 2025 के कुंभ स्नान के लिए भी मोदी ने 5 फरवरी का खास दिन चुना, इसी दिन दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों पर वोट भी डाले गए।
अब तक 40 करोड़ से ज्यादा ने संगम में लगाई डुबकी
महाकुंभ 2025 में पवित्र स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं का आना जारी है। 45 दिनों तक चलने वाले महाकुंभ 2025 के पहले 26 दिनों में 40 करोड़ से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई है। गंगा, यमुना और ‘रहस्यमय’ सरस्वती नदियों का पवित्र संगम दुनिया का सबसे बड़ा मानव समागम है।
यूपी सरकार ने अनुमान व्यक्त किया था कि इस बार के महाकुंभ में 45 लोग तीर्थराज में आकर डुबकी लगाएंगे। इस लिहाज से आंकड़ा लक्ष्य से करीब है।
अनि अखाड़े में हुए चुनाव
महाकुंभ के दौरान वैष्णवों के सबसे बड़े दिगंबर अनि अखाड़े ने करीब 550 साल पुरानी परंपरा को छोड़कर लोकतांत्रिक ढांचे की ओर कदम बढ़ाया है। अनि अखाड़े में भी अब न सिर्फ सभी पदों के लिए चुनाव होगा बल्कि उनका कार्यकाल भी 12 साल के लिए तय कर दिया गया है।













