ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में आज से राज-काज देखेगी ‘रेखा सरकार’। शालीमार बाग सीट से पहली बार की विधायक रेखा गुप्ता (50 साल) ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ली। वे दिल्ली की 9वीं और चौथी महिला सीएम बन गई हैं।
रेखा गुप्ता से पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी मुख्यमंत्री रहीं। इस समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह के अलावा बीजेपी शासित 21 राज्यों के सीएम, डिप्टी सीएम भी मौजूद रहे। आप नेता अरविंद केजरीवाल और आतिशी शपथ में नहीं पहुंचे। रेखा गुप्ता के अलावा 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। देर शाम विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गृह एवं वित्त विभाग अपने पास रखा। प्रवेश वर्मा काे उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। शिक्षा, परिवहन व पीडब्ल्यूडी मंत्रालय भी उनके पास रहेंगे। विजेंद्र गुप्ता विधानसभा अध्यक्ष होंगे।
शीशमहल में नहीं रहूंगी
शपथ से पहले रेखा गुप्ता ने कहा, ‘यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं पीएम मोदी और पार्टी हाईकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की सीएम बनूंगी। मैं शीशमहल में नहीं रहूंगी।’ दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास को भाजपा ने शीशमहल नाम दिया था। अरविंद केजरीवाल ने इसे बनवाया था। भाजपा ने इसे चुनावी मुद्दा भी बनाया था। सीएम पद की शपथ लेने के बाद रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। 6 मंत्रियों ने भी पीएम मोदी का अभिवादन किया।
शपथ के बाद मंत्री प्रवेश वर्मा बोले- हम पीएम के नेतृत्व में काम करेंगे। जिम्मेदारियां बहुत हैं। हम केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को दिल्ली में लाएंगे। रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बंदना कुमारी को हराया था। इस सीट पर उन्होंने 29,000 से अधिक वोटों के अंतर से शानदार जीत हासिल की थी। रेखा गुप्ता सरकार के दो मंत्री परास्नातक व दो स्नातक हैं। वहीं, मनजिंदर सिंह सिरसा कैबिनेट में सबसे कम पढ़े-लिखे मंत्री हैं। सिरसा 12वीं पास हैं। जनकपुरी से जीते आशीष सूद और बवाना से जीते रविंद्र इंद्रराज सिंह स्नातक हैं। रेखा गुप्ता व विकासपुरी से जीते पंकज कुमार सिंह पेशेवर स्नातक हैं। प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा परास्नातक हैं।





























