ब्लिट्ज ब्यूरो
टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के जनपद टिहरी गढ़वाल के कोटि कॉलोनी क्षेत्र में आयोजित होने जा रहे टिहरी लेक महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कोटि कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण कर महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कोटि कॉलोनी स्थित भूखंड के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद ली रॉय होटल में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के दौरान विभिन्न आकर्षक प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मास्टर शेफ टिहरी , फोटोग्राफी प्रतियोगिता, रैप, पेंटिंग, पहाड़ी परिधान पर आधारित फैशन शो मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग और काइट शो प्रमुख रहेंगे।
इसके अलावा ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग, वाटर स्पोर्ट्स, माउंटेन बाइकिंग और फूड फेस्टिवल जैसे रोमांचक आयोजन भी महोत्सव का हिस्सा होंगे। प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन विजेताओं को क्रमशः ₹100000, 50000 और ₹25000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
महोत्सव के दौरान “सेव गंगा” थीम पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पुरानी टिहरी की विरासत और क्षेत्रीय संस्कृति को भी मंच के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय परंपराओं और पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। बैठक में नगर पालिका टिहरी के अध्यक्ष मोहन रावत ने नई टिहरी में सजावट और फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन की जानकारी दी। वहीं नगर पालिका मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने काइट शो के माध्यम से स्वच्छता का संदेश देने की बात कही।
इस अवसर पर घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, बीजेपी जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका चंबा अध्यक्ष शोभनी धनोला, नगर पंचायत घनसाली अध्यक्ष आनंद बिष्ट, बोट यूनियन अध्यक्ष कुलदीप पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और महोत्सव को सफल बनाने के निर्देश दिए।

























