ब्लिट्ज ब्यूरो
ठाणे। ठाणे-नासिक हाईवे पर साकेत खाड़ी परिसर में ब्रीज का कंस्ट्रक्शन पूरा हो चुका है। यहां भारी वाहनों की टेस्ट-राइड की गई। एक अधिकारी के मुताबिक अगले दो दिन में नए ब्रिज पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। इससे मुंब्रा, माजीवाडा, खारेगांव में होने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
एमएसआरडीसी की तरफ से मुंबई-नासिक हाइवे पर माजीवाडा से वडपे तक रोड को चौड़ा करने का काम जारी है। साकेत खाड़ी परिसर में स्थित पुराने ब्रिज पर वाहनों के आने-जाने के लिए सिर्फ दो लेन हैं। अधिकतर भारी वाहनों के आवागमन से सुबह-शाम और रात में जाम की स्थिति बन जाती है।
मॉनसून में ब्रिज पर गड्ढे बनने से शहर का ट्रैफिक सिस्टम ध्वस्त हो जाता है। पुराने साकेत ब्रिज के करीब चार लेन वाले नए ब्रिज का निर्माण जारी था, जिसके पूरा होने से बड़ी राहत मिलेगी।
ऐसा होगा नए खाड़ी ब्रिज पर आवागमन
नया खाड़ी ब्रिज 200 मीटर लंबा है। इसका इस्तेमाल ठाणे से नासिक, मुद्रा, नवी मुंबई और भिवंडी की ओर जाने वाली ट्रैफिक के लिए होगा। पुराने ब्रिज का इस्तेमाल नासिक, मुंब्रा, नवी मुंबई और भिवंडी से ठाणे की ओर ट्रैफिक ले जाने के लिए किया जाएगा।
























