ब्लिट्ज ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम नगर निगम ने शहर की सड़कों को आधुनिक और बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। न्यू पालम विहार में साईं ं चौक से श्रीराम चौक तक की सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसको लेकर निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
निगम अधिकारियों का दावा है कि अगले माह के अंत तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अभी तक सड़क पर अतिक्रमण के साथ-साथ सड़क बदहाल स्थिति में है। इस कारण यहां सड़क की मरम्मत आदि को लेकर स्थानीय लोगों ने निगम में शिकायत भी की थी। इसी को लेकर निगम ने सड़क को मॉडल रोड बनाने की योजना तैयार की है। ट्रायल के तौर पर इस सड़क को मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह ट्रायल सफल होता है तो फिर शहर की सौ किलोमीटर सड़कों को मॉडल बनाने का काम किया जाएगा।
नगर निगम की योजना इस सड़क को एक सुविधाजनक और सुंदर मार्ग के रूप में विकसित करने की है। डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क पर कई नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी।
यह परियोजना गुरुग्राम को एक ‘स्मार्ट सिटी’ बनाने की निगम की बड़ी योजना का हिस्सा है। नगर निगम ने शहर में कुल 100 किलोमीटर सड़कों को मॉडल सड़कों के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इसी कड़ी में न्यू पालम विहार की इस सड़क को चुना गया है। निगम ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, और उम्मीद है कि अगले महीने से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इससे न केवल इस क्षेत्र में यातायात सुगम होगा, बल्कि लोगों के जीवन की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।